जोधपुर। जयनारायण व्यास विश्वविद्यालय में रैगिंग की घटना सामने आई है। 23 सितंबर को स्वर्ण जयंती पार्क के पास इंजीनियरिंग के सीनियर छात्रों ने एक प्रथम वर्ष के छात्र के साथ रैगिंग की घटना को अंजाम दिया। छात्र को सरेआम मुर्गा बनाकर रैगिंग की गई। इस मामले का विरोध करते हुए अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के छात्रों ने विरोध जताया है। छात्रों ने कुलपति से शीघ्र व कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।
छात्र का आरोप है कि इस घटना के दौरान विश्वविद्यालय का एक शिक्षक मौजूद था। उसने इस घटना को रोकने का कोई प्रयास नहीं किया। छात्रों ने इस घटना में दोषी छात्र और शिक्षक को पुलिस के हवाले करने की मांग की और कहा कि कमला नेहरू महिला कॉलेज के गेट से मुख्य सडक़ तक सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं। साथ ही एमबीएम कॉलेज परिसर की कैंटिन के पास भी कैमरे लगाए जाएं। सन 2012 में हुई रैगिंग की घटना के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने कड़े कदम उठाए, जिसके चलते चार साल तक कोई रैगिंग की घटना नहीं हुई, लेकिन 23 सितंबर की घटना के बाद छात्रों में आक्रोश नजर आ रहा है।