सिरोही। समान परीक्षा व्यवस्था के तहत जिले में गुरुवार को शुरू हुई ग्यारहवीं कक्षा की परीक्षा को निरस्त करना पड़ा। परीक्षा केन्द्रों पर बांटे गए अंग्रेजी अनिवार्य का प्रश्न पत्र जैसे ही परीक्षार्थियों के हाथ में पहुंचा। 15 मिनट बाद सभी सेंटरों से डीईओ कार्यालय में पेपर के आउट आॅफ कोर्स होने के फोन आने लगे। पेपर की जांच के बाद परीक्षा को निरस्त कर दिया गया। अब परीक्षा अगली निर्धारित तिथि पर होगी। इसके लिए जांच समिति बना दी गई है। आपको बता दें कि समान परीक्षा व्यवस्था के तहत गुरुवार को सिरोही में कला, विज्ञान व काॅमर्स के विद्यार्थियों की अंग्रेजी अनिवार्य विषय की परीक्षा थी। परीक्षा केन्द्रों पर पेपर बांटने के बाद विद्यार्थियों को कोई भी सवाल पढा हुआ नहीं लगा। इस पर उन्होंने परीक्षा कक्ष में मौजूद इंवीजिलेटर को इसकी जानकारी दी। इंवीजीलेटर से ये बात परीक्षा केन्द्र प्रभारियों तक पहुंची। तो उन्होंने अंग्रेजी अनिवार्य के विषय अध्यापकों से पेपर का मिलान करवाया तो इसके सवाल अंग्रेजी लिटरेचर के थे। इसके बाद जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक चंद्रमोहन उपाध्याय के पास इसकी सूचना भेजी गई। पेपर मिलान के बाद जिला समान परीक्षा समिति के परीक्षा के नोडल अधिकारी अनादरा राजकीय माध्यमिक विद्यालय के प्रधानाचार्य ने इस पेपर को निरस्त करने के आदेश जारी कर दिए।