Due to hard work of workers, a triple engine government will be formed in Haryana: Nayab Singh Saini-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 29, 2026 2:30 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

कार्यकर्ताओं की मेहनत से हरियाणा में ट्रिपल इंजन की सरकार बनेगी : नायब सिंह सैनी

khaskhabar.com: गुरुवार, 06 मार्च 2025 7:24 PM (IST)
कार्यकर्ताओं की मेहनत से हरियाणा में ट्रिपल इंजन की सरकार बनेगी : नायब सिंह सैनी
पानीपत। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पानीपत में पन्ना प्रमुख सम्मेलन में कहाकि जन आशीर्वाद और कार्यकर्ताओं की मेहनत के परिणाम से हरियाणा में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनी है और अब ट्रिपल इंजन की सरकार बनने जा रही है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार भी तीन गुणा ताकत से हरियाणा को विकास के मार्ग पर आगे बढ़ा रही है। मुख्यमंत्री ने पानीपत के चहुमुंखी विकास के लिए भाजपा मेयर प्रत्याशी कोमल सैनी व वार्ड प्रत्याशियों को विजयी बनाने की अपील की। सैनी ने कहा कि लोकतंत्र की जड़ों को मजबूत बनाने के लिए पन्ना प्रमुख निकाय चुनाव में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि हमें 9 मार्च तक घर नहीं बैठना है, एक-एक व्यक्ति को जागरूक करना है और भाजपा के पक्ष में मतदान करने की लोगों से अपील करनी है। पन्ना प्रमुख सम्मेलन को पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार, शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा, विधायक प्रमोद विज ने भी संबोधित किया। इन सभी नेताओं ने 9 मार्च रविवार को सभी बूथों पर अधिकतम मतदान करवाने की अपील की। सम्मेलन की अध्यक्षता भाजपा जिला अध्यक्ष दुष्यंत भट्ट ने की और मंच संचालन प्रदेश महामंत्री डॉ. अर्चना गुप्ता ने किया। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि निकाय चुनाव में कांग्रेस ठंडी बैठ गई है और कांग्रेस के नेता भी शांत हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस निकाय चुनाव में जीरो पर आउट होने जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नगर निकाय चुनाव के लिए भाजपा ने 21 संकल्प किए हैं जिन्हें हम गारंटी के साथ पूरा करेंगे। सैनी ने कहा कि विधानसभा चुनाव में भाजपा ने संकल्प पत्र में 240 वादे किए थे जिनमें से हमारी सरकार ने 100 दिनों के अंदर 18 वादों को पूरा किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि 10 वादे भी जल्द ही पूरे कर लिए जाएंगे।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हमारी सरकार तेज गति से काम कर रही है। सरकार की हर योजनाओं का लाभ हरियाणा के लोगों को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि किडनी के मरीजों पर हजारों रुपये खर्च होते थे जिसे हमारी सरकार ने अब जीरो कर दिया है। हरियाणा सरकार डायलसिस के मरीजों का खर्चा खुद उठा रही है। 25 हजार युवाओं को ज्वाइनिंग लैटर देने का वादा भी हमारी सरकार ने पूरा किया है।
नायब सिंह सैनी ने कहा कि भाजपा की सरकार में युवाओं को बिना पर्ची और बिना खर्ची के नौकरियां मिल रही है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस के एक प्रत्याशी ने कहा था कि 50 वोट दो नौकरी देंगे। हरियाणा के लोगों ने कांग्रेस पर विश्वास नहीं किया। जनता को मालूम है कि कांग्रेस भ्रष्टाचार को जन्म देने वाली पार्टी है। उन्होंने कहा कि जनता ने भाजपा में विश्वास जताया और कांग्रेस को बाहर का रास्ता दिखाया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हरियाणा में भाजपा की सरकार बनी।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि भाजपा जो कहती है वह करके दिखाती है। पट्टेदार किसानों पर सदा कानून की तलवार लटकती रहती थी। हमारी सरकार ने पट्टेदार किसानों को मालिकाना हक देकर बड़ी राहत दी है। पंचायती जमीन पर मकान बनाने वाले लोगों को भी राहत देने का काम भाजपा सरकार ने किया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आग्रह करते हुए कहा कि घर-घर जाएं और हर व्यक्ति से मिलकर कमल के फूल के निशान पर बटन दबाने की अपील करें।
सीएम नायब सिंह सैनी ने भरोसा जताया कि बीजेपी नगर निगम चुनावों में भारी जीत हासिल करेगी। उन्होंने कहा कि ट्रिपल इंजन सरकार बनने के बाद हरियाणा में तीन गुना तेजी से काम होगा। पन्ना प्रमुख सम्मेलन में प्रदेश महामंत्री डा. अर्चना गुप्ता, जिला अध्यक्ष दुष्यंत भट्ठ, जिला नगर निगम चुनाव के प्रभारी डा. बनवारी लाल, पूर्व सांसद संजय भाटिया, जिला प्रभारी अशोक गुर्जर, मनमोहन भड़ाना, गजेन्द्र सलूजा, राजेन्द्र शर्मा हल्दाना, गजेन्द्र सलूजा, कृष्ण छोक्कर, रोशन लाल माहला, आरडी कल्याण, नवीन भाटिया, राहुल विज, भाजपा प्रत्याशी, बूथ अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष, पन्ना प्रमुख, शक्ति केंद्र प्रमुखों के अलावा भाजपा के वरिष्ठ नेता व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement