जालोर। जिला कलक्टर अनिल गुप्ता केन्द्रीय विद्यालय में अभिभावक दिवस की बैठक में पहुंचे। उन्होंने गोद ली हुई बेटी अनायता की शिक्षा सम्बन्धी प्रगति की जानकारी लेने के साथ ही स्वच्छ भारत अभियान के तहत चल रही चित्रकला प्रतियोगिता का भी निरीक्षण किया। जिला कलक्टर ने गोद ली हुई बेटी अनायता की शिक्षा सम्बन्धी जानकारी प्राप्त की। उन्हें कक्षा अध्यापक हरपाल सिंह ने बताया कि एसए वन की परीक्षा में छात्रा अनायता ने हिन्दी, अंग्रेजी, गणित एवं पर्यावरण विषयों में ए प्लस हासिल किया है। कलक्टर ने बालिका की हौसला अफजाई की। उन्होंंने स्वच्छ भारत अभियान के तहत चित्रकला प्रतियोगिता में भाग ले रहे प्रतियोगिओं की ओर से तैयार किए गए पोस्टरों को भी निहारा व शाबाशी दी। गौरतलब है कि जिला कलक्टर अनिल गुप्ता ने आर्थिक रूप से कमजोर परिवार की बेटी अनायता पुत्री अनिल राठौड़ को गोद लिया है तथा उसके पढ़ाई का सारा खर्च वे वहन करेंगे। अनायता जालोर में अपने नाना-नानी के साथ रह रही है। वह दूसरी में अध्ययनरत है।