सोलन। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग द्वारा प्रदेश के अन्य जिलों के साथ सोलन जिले में भी नागरिकों को डिजिटल राशन कार्ड उपलब्ध करवाने के दृष्टिगत सार्वजनिक वितरण प्रणाली के सभी डिपू धारकों को प्रशिक्षण प्रदान करना आरम्भ कर दिया गया है। सोलन में आज हिमाचल दिवस के अवसर पर इस कार्यक्रम को आरम्भ किया गया। आयोजित कार्यक्रम में जिले के सोलन एवं कण्डाघाट खण्ड के 98 डिपू धारकों को पीओएस (प्वाईंट आॅफ सेल) मशीनें वितरित की गई। डिपू धारकों को इन मशीनों को प्रयोग करने का प्रशिक्षण भी दिया गया। इन्हीं मशीनों के माध्यम से डिजिटल राशन कार्ड प्रयोग किए जायेंगे। डिपू धारकों को इस संबंध में एक संदर्भ पुस्तिका भी उपलब्ध करवाई गई।
जिले के कुनिहार खण्ड के 56 तथा धर्मपुर विकास खण्ड के 68 डिपू धारकों को आज ही यह पीओएस मशीन एवं प्रशिक्षण प्रदान किया गया। नालागढ़ विकास खण्ड के 82 डिपू धारकों को यह मशीन एवं प्रशिक्षण कल दिया जाएगा। इस संबंध में कोई भी जानकारी अथवा शिकायत जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक के कार्यालय के दूरभाष नम्बर 01792- 224114 पर प्राप्त कर सकते हैं।