Discussion on preventing malnutrition with best food at Five Star Hotel-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 26, 2026 10:35 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

फाइव स्टार होटल में बेहतरीन भोजन के साथ कुपोषण रोकने पर चर्चा की

khaskhabar.com: मंगलवार, 05 सितम्बर 2017 7:58 PM (IST)
फाइव स्टार होटल में बेहतरीन भोजन के साथ कुपोषण रोकने पर चर्चा की
जयपुर। राज्य में कुपोषण को किस तरीके से रोका जाए इसके लिए फाइव स्टार होटल में बेहतरीन भोजन के साथ इंटरनेशनल एनजीओ और चिकित्सा विभाग के अफसरों ने विचार-विर्मश किया। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, डवलपमेंट पार्टनर यूनिसेफ, गेन, एसीएफ के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को स्थानीय होटल हाली-डे इन में तकनीकी सलाहकार कमेटी की बैठक आयोजित की गयी। बैठक में प्रदेश के 20 जिलों के चिन्हित ब्लाक में समुदाय आधारित कुपोषण प्रबंधन कार्यक्रम के दूसरे चरण की तैयारियों के संबंध में क्षेत्रों के चयन, प्रशिक्षण कार्यक्रम एवं अन्य बिन्दुओं पर विस्तार से चर्चा की गयी। स्वास्थ्य सचिव एवं मिशन निदेशक एनएचएम नवीन जैन ने सभी सहयोगी डवलपमेंट पार्टनर से प्रशिक्षण कार्यक्रमों की कार्ययोजना एवं उसकी विषय-वस्तु पर विस्तार से चर्चा की एवं सभी प्रशिक्षण कार्यक्रम निर्धारित अवधि में पूर्ण करने के निर्देश दिये। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षणों में मास्टर ट्रेनर्स, संभाग स्तर पर प्रशिक्षकों के प्रशिक्षण, चयनित स्वास्थ्य केन्द्रों के चिकित्सा प्रभारी, आशा सहयोगिनी एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, कुपोषण उपचार केन्द्रों के प्रभारियों एवं पंचायत राज संस्थाओं के सदस्यों के प्रशिक्षण आयोजित किये जायेंगे। उन्होंने मुद्रण हेतु दिशा-निर्देश, माड्यूल एवं अन्य सामग्री, कम्युनिटी मोबिलाईजेशन कार्योजना, आवश्यक उपकरणों व अन्य सामग्री की उपलब्धता एवं पोषण केन्द्रों के चयन संबंधी बिन्दुओं पर विस्तार से चर्चा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिये।
जैन ने बताया कि सी-मेम के प्रथम चरण के सफलतापूर्वक क्रियान्वयन के बाद इसका दूसरा चरण संचालित कर लगभग 17 हजार बच्चों को कुपोषण मुक्त जीवन देने की कार्ययोजना तैयार की जा रही है। उन्होंने बताया कि बताया कि प्रथम चरण में चयनित 13 जिलों के 62 ब्लाक्स को सम्मिलित किया गया था। इस बार पुराने ब्लाक को दूसरे चरण में शामिल नहीं किया गया है। साथ ही नये 7 जिलों के अधिक कुपोषण स्तर वाले ब्लाक को ही शामिल किया गया है। बैठक में निदेशक आरसीएच डा. एसएम मित्तल, परियोजना निदेशक शिशु स्वास्थ्य डा. रोमेल सिंह एवं डवलपमेंट पार्टनर यूनिसेफ, गेन, एसीएफ के प्रतिनिधिगण ने कुपोषित बच्चों के चिन्हीकरण, पोषण केन्द्रों के चयन सहित विभिन्न बिन्दुओं पर अपने-अपने सुझाव प्रस्तुत किये।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement