Digambar Jain Social Group Samyak Completes Spiritual Pilgrimage to Major Jain Shrines-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 29, 2026 4:34 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

दिगंबर जैन सोशल ग्रुप सम्यक की धार्मिक यात्रा संपन्न, तीर्थ वंदना से जागृत हुआ आध्यात्मिक भाव

khaskhabar.com: रविवार, 15 फ़रवरी 2026 2:37 PM (IST)
दिगंबर जैन सोशल ग्रुप सम्यक की धार्मिक यात्रा संपन्न, तीर्थ वंदना से जागृत हुआ आध्यात्मिक भाव
दिगंबर जैन सोशल ग्रुप सम्यक द्वारा आयोजित धार्मिक यात्रा श्रद्धा, संयम और आध्यात्मिक अनुशासन के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुई। इस पावन यात्रा के अंतर्गत ग्रुप के सदस्य 6 फरवरी को जयपुर से मधुबन के लिए रवाना हुए, जहां से जैन धर्म के प्रमुख और पवित्र तीर्थ स्थलों की वंदना का क्रम आरंभ हुआ। यात्रा का उद्देश्य जैन आस्था के केंद्रों में दर्शन, पूजन और आत्मिक शांति की अनुभूति प्राप्त करना रहा।
सम्मेद शिखर और मधुबन में हुई विशेष वंदना

7 फरवरी को पारसनाथ होते हुए सभी यात्री मधुबन पहुंचे, जहां तलेटी स्थित मंदिरों में दर्शन किए गए। अगले दिन 8 फरवरी को प्रातः 2 बजे सभी श्रद्धालु सम्मेद शिखर के लिए रवाना हुए और वहां स्थित सभी टोंकों की विधिपूर्वक वंदना की। 9 फरवरी को सम्मेद शिखर पर्वत की परिक्रमा करते हुए मार्ग में आने वाले विभिन्न जिनालयों के दर्शन किए गए, जिससे पूरे वातावरण में भक्ति और साधना का भाव व्याप्त रहा।
मंदारगिरि, पावापुरी और चंपापुर में पूजन
10 फरवरी को समूह सम्मेद शिखर से प्रस्थान कर मंदारगिरि तीर्थ पहुंचा, जहां श्रद्धापूर्वक वंदना की गई। इसके बाद पावापुरी तीर्थ क्षेत्र में दर्शन कर रात्रि विश्राम वासुपूज्य भगवान की निर्वाण स्थली चंपापुर में किया गया। अगले दिन प्रातः ग्रुप के पुरुष सदस्यों द्वारा अभिषेक एवं शांति धारा का आयोजन किया गया, जिसके पश्चात भगवान महावीर के निर्वाण स्थल पावापुरी के लिए प्रस्थान किया गया।
कुंडलपुर और राजगिरि में ऐतिहासिक दर्शन
पावापुरी में जल मंदिर सहित अन्य जिनालयों के दर्शन के बाद यात्रा कुंडलपुर पहुंची, जहां रात्रि विश्राम किया गया। कुंडलपुर को भगवान महावीर की जन्म एवं दीक्षा स्थली के रूप में विशेष महत्व प्राप्त है। यहां प्रातःकाल भगवान महावीर की दिव्य प्रतिमा का अभिषेक एवं शांति धारा की गई। इसके पश्चात समूह राजगिरि के लिए रवाना हुआ और मार्ग में नालंदा विश्वविद्यालय की प्राचीन धरोहर का अवलोकन किया।
गया में जिनालय दर्शन के साथ यात्रा का समापन
राजगिरि स्थित सभी जिनालयों की वंदना के उपरांत समूह गया पहुंचा, जहां जैन धर्मशाला में विश्राम किया गया। धर्मशाला के समीप स्थित प्राचीन एवं अनुपम जिनालय के दर्शन के साथ इस आध्यात्मिक यात्रा को पूर्णता मिली। रात्रि विश्राम के बाद प्रातः गया रेलवे स्टेशन से सभी यात्री जयपुर के लिए रवाना हुए।

सम्यक ग्रुप के पदाधिकारियों की रही सक्रिय भागीदारी

इस धार्मिक यात्रा में दिगंबर जैन सोशल ग्रुप सम्यक के संस्थापक अध्यक्ष महावीर लक्ष्मी बोहरा, अध्यक्ष इन्द्र कुमार – स्नेह लता जैन, संगठन सचिव सुनील – सीमा ठोलिया, सदस्य विजय – सीमा सोनी एवं अक्षिता बोहरा ने सहभागिता की। सभी सदस्यों ने यात्रा को आध्यात्मिक ऊर्जा, अनुशासन और समर्पण के साथ संपन्न किया।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement