Dausa : Teachers appointed before 2010 stage protest at the Collectorate-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 26, 2026 9:11 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

दौसा : 2010 से पूर्व नियुक्त शिक्षकों ने कलेक्ट्रेट पर किया प्रदर्शन, NCTE अधिसूचना और सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद नीतिगत संरक्षण की मांग

khaskhabar.com: गुरुवार, 18 जून 2026 2:36 PM (IST)
दौसा : 2010 से पूर्व नियुक्त शिक्षकों ने कलेक्ट्रेट पर किया प्रदर्शन, NCTE अधिसूचना और सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद नीतिगत संरक्षण की मांग
दौसा। दौसा में राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद (NCTE) की अधिसूचना और सर्वोच्च न्यायालय के हालिया निर्णय के बाद वर्ष 2010 से पूर्व नियुक्त शिक्षकों का भविष्य अधर में लटक गया है। इसके विरोध में और अपने सेवा हितों की रक्षा के लिए बड़ी संख्या में शिक्षकों ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट पर जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान शिक्षकों ने केंद्र सरकार और संसद से इस मामले में हस्तक्षेप कर विधायी व नीतिगत संरक्षण प्रदान करने की मांग की। NCTE अधिसूचना और सुप्रीम कोर्ट के फैसले से बढ़ी चिंता धरने को संबोधित करते हुए शिक्षक नेताओं ने कहा कि 23 अगस्त 2010 को NCTE द्वारा शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) संबंधी अधिसूचना जारी की गई थी। इस संदर्भ में सर्वोच्च न्यायालय द्वारा बीते 29 मई 2026 को पुनर्विचार याचिकाओं का निस्तारण करते हुए पूर्व के निर्णय को यथावत रखा गया है। इस फैसले के बाद से देश भर के लाखों शिक्षकों में गहरी चिंता, पीड़ा और नौकरी जाने या सेवा प्रभावित होने की असुरक्षा की भावना व्याप्त हो गई है। शिक्षकों का कहना है कि न्यायालय के निर्णय का वे सम्मान करते हैं, लेकिन इससे उत्पन्न परिस्थितियों के कारण 2010 से पहले नियुक्त शिक्षकों के भविष्य पर संकट आ गया है।
'बाद में बने नियम पहले की नियुक्तियों पर लागू करना प्राकृतिक न्याय के खिलाफ'
प्रदर्शनकारियों ने तर्क दिया कि भारतीय विधिक एवं प्रशासनिक व्यवस्था का यह स्थापित सिद्धांत है कि कोई भी नियम या नीति उसके लागू होने की तिथि से ही प्रभावी होती है। 23 अगस्त 2010 से पहले देश के विभिन्न राज्यों में लाखों शिक्षकों की नियुक्तियाँ उस समय प्रभावी नियमों, योग्यताओं और चयन प्रक्रियाओं के तहत पूरी तरह वैध रूप से की गई थीं। इन शिक्षकों ने दशकों तक राष्ट्र निर्माण और शिक्षा के क्षेत्र में अमूल्य योगदान दिया है। ऐसे में, अर्जित किए जा चुके सेवा अधिकारों पर बाद में बनाए गए पात्रता मानदंडों को बैक-डेट (भूतलक्षी प्रभाव) से लागू करना प्राकृतिक न्याय, समानता और विधिक निश्चितता (Legal Certainty) के सिद्धांतों के बिल्कुल विपरीत है।
सरकार से विधायी समाधान की गुहार
शिक्षकों ने कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन के दौरान स्पष्ट किया कि न्यायपालिका का काम कानून की व्याख्या करना है, लेकिन जनहित में आवश्यक नीतिगत और विधायी समाधान उपलब्ध कराने का अधिकार केवल संसद और सरकार के पास है। लाखों शिक्षकों और उनके परिवारों के भविष्य को इस तरह अनिश्चितता में डालना पूरी शिक्षा व्यवस्था की स्थिरता और शिक्षकों के मनोबल को गिराएगा। शिक्षकों ने मांग की है कि दशकों के अनुभव और कार्यकुशलता को ध्यान में रखते हुए केंद्र सरकार आवश्यक विधायी या नीतिगत हस्तक्षेप करे, ताकि 2010 से पूर्व नियुक्त शिक्षकों को पूर्ण संरक्षण मिल सके।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement