Dang Regional Development Board meeting concluded-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 22, 2026 4:44 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

डांग क्षेत्रीय विकास बोर्ड की बैठक सम्पन्न

khaskhabar.com: बुधवार, 17 मई 2023 9:18 PM (IST)
डांग क्षेत्रीय विकास बोर्ड की बैठक सम्पन्न
जयपुर । डांग क्षेत्रीय विकास बोर्ड की राज्य स्तरीय बैठक बुधवार को बोर्ड के अध्यक्ष लाखन सिंह की अध्यक्षता में शासन सचिवालय में सम्पन्न हुई। बोर्ड अध्यक्ष सिंह ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजना में प्रस्तावित किए जाने वाले कार्यों के सम्बन्ध में स्थानीय जनप्रतिनिधियों को आवश्यक रूप से जानकारी दी जाए एवं सम्बन्धित बैठकों की सूचना भी उचित माध्यम से उन्हें दी जाए। उन्होंने कहा कि योजना में बड़े काम लेने के बजाय स्कूलों के कमरे, एनीकट, चारदीवारी, बरसाती पुलिया जैसे छोटे काम लिए जाएं। योजना में किए जाने वाले कार्य समय पर पूरे हों एवं धरातल पर नजर आएं तभी योजना का लाभ क्षेत्र वासियों को मिल सकेगा। बुधवार को सम्पन्न बैठक में योजना की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति एवं वित्तीय वर्ष 2023-24 की वार्षिक कार्ययोजना के अनुमोदन के सम्बन्ध में चर्चा हुई। पंचायती राज एवं ग्रामीण विकास विभाग के अतिरिक्त सचिव अभय कुमार ने धीमी प्रगति वाले जिलों को काम में तेजी लाने को कहा। विभाग की सचिव मंजू राजपाल ने बोर्ड को योजना की प्रगति की विस्तृत जानकारी दी। बैठक में विधायक बसेड़ी खिलाड़ीलाल बैरवा, विधायक बाड़ी गिरिराज सिंह मलिंगा, कोटा के पीपल्दा से विधायक रामनारायण मीणा, अन्य जनप्रतिनिधि, परियोजना निदेशक एवं पदेन उप सचिव ओंकारेश्वर शर्मा, विभिन्न विभागों के अधिकारी शामिल हुए। उल्लेखनीय है कि डांग क्षेत्रीय विकास योजना आठ जिलों, कोटा, बूंदी, बारां, झालवाड़, भरतपुर, करौली, सवाई माधोपुर एवं धौलपुर जिलों में आर्थिक एवं सामाजिक ढांचागत आधारभूत विकास के लिए 30 पंचायत समितियों की 429 ग्राम पंचायतों के 2192 गांवों में संचालित है। शत प्रतिशत राज्य वित्त पोषित इस योजना में वर्ष 2023-24 के लिए 40 करोड़ रुपए का आवंटन किया गया है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement