गैस रिसाव से सिलेंडरों में लगी आग, लोगों में आक्रोश
khaskhabar.com: बुधवार, 05 अक्टूबर 2016 11:41 AM (IST)
भीलवाड़ा। जिले में रसद विभाग की अनदेखी व गैस एजेन्सियों की लापरवाही के चलते एक दिन में ही एक ही गैस कम्पनी के दो सिलेंडरों में रिसाव के कारण आग लग गई। गनीमत यह रही कि इससे कोई जनहानि नहीं हुई। सिलेंडरों में रिसाव के कारण लोगों में गैस कम्पनियों के प्रति आक्रोश है। मंगलवार शाम को नागौरी मोहल्ला में गैस सिलेंडर में रिसाव होकर विस्फोट हो गया। जबकि उसके बाद मात्र १७ घंटे के भीतर ही माणिक्य नगर में बुधवार को गैस सिलेंडर में रिसाव हो गया। यह दोनों ही सिलेण्डर भारत गैस एजेन्सी के थे। शहर में रसद विभाग की अनदेखी के चलते अवधि पार सिलेंडर वितरण किए जा रहे हंै। जिसके कारण कई सिलेंडरों में रिसाव हो रहा है। जिससे लोगों में भय व्याप्त है। भीमगंज थाने के एएसआई गोवर्धन सिंह ने बताया कि माणिक्य नगर में रहने वाले जगदीश शर्मा के घर बुधवार सुबह चाय बनाते समय सिलेंडर में रिसाव होकर आग लग गई।