नयी दिल्ली। सोमवार को कांग्रेस ने मांग की कि उरी आतंकी हमले के मद्देनजर
पाकिस्तान को आतंकवादी देश घोषित करने के लिए संसद का विशेष सत्र बुलाया
जाए। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि हमला होने के बाद नरेंद्र मोदी सरकार ने
केवल जुमलों और बयानबाजी से ही जवाब दिया है। पार्टी ने पाकिस्तान का
सर्वाधिक तरजीह वाले देश का दर्जा वापस लेने और उस पर आर्थिक पाबंदी लागू
करने की वकालत भी की।
पार्टी प्रवक्ता अभिषेक सिंघवी ने सरकार पर इस्लामाबाद को कठघरे में खडा
करने के लिए न के बराबर काम करने का आरोप लगाते हुए संवाददाताओं से कहा,
हमारा मानना है कि तीव्र परिस्थिति में तीव्र फैसले होने चाहिए। अब तक
पाकिस्तान को आतंकवादी देश घोषित कर देना चाहिए था। वे इसमें भी विफल रहे।