जयपुर। मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने जम्मू-कश्मीर के उरी सेक्टर में हुए आतंकी हमले में सेना के 17 जवानों के शहीद होने की घटना पर दुख जताते हुए इसकी कड़ी निंदा की। राजे ने कहा कि आतंकवादी हमले में शहीद हुए जवानों को पूरा देश नमन करता है और दुख की इस घड़ी में हम सब शहीदों के परिवारों के साथ हैं। कश्मीर में सीमा पार आतंकवाद को देश किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि आतंकवादियों की इस कायराना हरकत की जितनी भी आलोचना की जाए कम है। आतंक का कोई मजहब और जाति नहीं होती। देश ऐसी नापाक हरकत करने वालों को सबक सिखाने में पूरी तरह सक्षम है।