रात्रि चौपाल में सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं, दिए समाधान के निर्देश
khaskhabar.com: शनिवार, 08 अक्टूबर 2016 10:58 AM (IST)
बीकानेर। ग्राम पंचायत अक्कासर मुख्यालय पर लोहे के विद्युत पोल एक सप्ताह में हट जाएंगे। जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग की ओवरहैड टंकी की सफाई भी शीघ्र हो जाएगी। जिला कलक्टर वेदप्रकाश ने अक्कासर के अटल सेवा केन्द्र में देर रात तक चली रात्रि चौपाल में ग्रामीणों के अभाव-अभियोग सुनने के बाद यह जानकारी दी। उन्होंने जोधपुर विद्युत वितरण निगम के अधिशासी अभियन्ता को ग्राम पंचायत क्षेत्र में विद्युत के ढीले तारों को कसवाने और क्षतिग्रस्त लोहे के विद्युत पोल बदलवाने के निर्देश दिए। अक्कासर को गजनेर जीएसएस से जोडने का प्रस्ताव बनाया जाएगा। उन्होंने विकास अधिकारी को गांव के उच्च प्राथमिक विद्यालय के जर्जर भवन का निस्तारण करवाने के निर्देश दिए। चौपाल में उपखण्ड अधिकारी कोलायत जयसिंह मेघवाल, विकास अधिकारी रामचंद्र मीना, जोधपुर विद्युत वितरण निगम के अधीक्षण अभियन्ता एम.आर.चौधरी, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. देवेन्द्र चौधरी, उप निदेशक कृषि विस्तार डॉ. उदयभान, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी मोहम्मद सलीम पडि़हार सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित थे।