Co-operative mobile ATM vans in rural areas-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 22, 2026 1:20 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

ग्रामीण इलाकों में जाएगी सहकारी मोबाइल एटीएम वैन

khaskhabar.com: मंगलवार, 26 सितम्बर 2017 8:03 PM (IST)
ग्रामीण इलाकों में जाएगी सहकारी मोबाइल एटीएम वैन
जयपुर। राज्य के किसानों को वित्तीय समावेशन के दायरे में लाकर सहकारी बैंकिंग के माध्यम से लागू योजनाओं से अधिक से अधिक लाभान्वित करने के लिए किसान रूपे डेबिट कार्ड गांव-गांव जाकर उनके डोर स्टेप पर उपलब्ध कराए जाएंगे। यह कार्य दो माह में पूर्ण कर लिया जाएगा। रूपे डेबिट कार्ड वितरण के साथ किसान को सहकारी योजनाओं के बारे मे भी जानकारी दी जाएगी, जिससे वह इन योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। यह जानकारी सहकारिता मंत्री अजय सिंह किलक मंगलवार को अपेक्स बैंक में केन्द्रीय सहकारी बैंकों के प्रबंध निदेशकों की समीक्षा करते हुए दी। किलक ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों के डोर स्टेप पर सहकारी बैंकिंग सेवा की सुविधा प्रदान करने के लिए मोबाइल एटीएम वैन तैनात की जाएंगी। मोबाइल एटीएम वैन को उन क्षेत्रों में अधिक रखा जाएगा जिनसे बैंक की शाखाएं दूरी पर स्थित हैं। उन्होंने बताया कि एटीएम वैन के उपयोग से ग्रामीण क्षेत्रों के किसान अपनी सुविधा के अनुसार पैसे निकाल सकेगा।
सहकारिता मंत्री ने सभी प्रबंध निदेशकों को निर्देश दिए कि सहकारिता से जुड़ा कोई भी किसान राज सहकार व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा योजना के लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि अबतक जिन किसानों को इस योजना के दायरे में नहीं लाया गया है, उनका सात दिवस में बीमा करवाया जाना सुनिश्चित कर लिया जाए। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही इस योजना के तहत बीमा कवर का लाभ 10 लाख रुपये किया जाएगा।
किलक ने बैठक में सभी को बधाई देते हुए खुशी व्यक्त की सभी अधिकारी एवं कर्मचारियों के संयुक्त प्रयासों से अपेक्स बैंक को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने नई दिल्ली में सम्मानित किया है। यह विभाग के अधिकारियों की कार्य के प्रति लगन एवं निष्ठा को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे ने सहकारिता द्वारा किए जा रहे कार्य एवं योजनाओं को सराहनीय बताया है और सीएम राजे ने और अधिक तत्परता से किसानों के कल्याण के लिए किए जा रहे कार्यों से लाभान्वित करने के प्रयासों की आवश्यकता जताई है।
प्रमुख शासन सचिव, सहकारिता अभय कुमार ने कहा कि सभी केन्द्रीय सहकारी बैंक एटीएम को ऎसे स्थानों पर स्थापित करें जहां किसान आसानी से पहुंच सके। अटल सेवा केन्द्र, पंचायत भवन, ग्राम सेवा सहकारी समिति या क्रय विक्रय सहकारी समिति में भी इनकों स्थापित किया जा सकता है क्योंकि ये सभी किसान की आसान पहुंच में होते हैं।
कुमार ने कहा कि नाबार्ड से मिलने वाली विभिन्न कार्यों के लिए अनुदान का उपयोग सभी केन्द्रीय सहकारी बैंक करें तथा उचित समय पर प्रपोजल भिजवाएं ताकि बैंक की सुविधाओं में विस्तार हो सके। उन्होंने कहा कि आमलोगों को बैंकिंग प्रणाली से जोड़ना, योजनाओं का उचित लाभ दिलवाना तथा उन्हें बिना किसी रूकावट के बैंकिंग सेवाएं सुविधा के साथ उपलब्ध कराना हमारा मुख्य उद्देश्य होना चाहिए।
बैठक में एमडी अपेक्स बैंक विद्याधर गोदारा ने एजेण्डावार बिन्दु रखे। इस मौके पर बैंक के अधिकारी एवं कर्मचारी ऎसोसिएशन ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा अपेक्स बैंक को सम्मानित करने पर सहकारिता मंत्री को पुष्पगुच्छ भेंट कर उन्हें बधाई दी। बैठक मे नाबार्ड के मुख्य महा प्रबंधक ए के सिंह सहित सभी केन्द्रीय सहकारी बैंकों के अधिकारी उपस्थित थे।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement