CM Pushkar Singh Dhami wrote a letter to PM Modi, saying, The path is being paved for the welfare and progress of every section of the society in Uttarakhand.-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 20, 2026 5:38 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

सीएम पुष्कर सिंह धामी ने पीएम मोदी को लिखा पत्र, कहा- उत्तराखंड में हर वर्ग के कल्याण और प्रगति का मार्ग प्रशस्त हो रहा

khaskhabar.com: मंगलवार, 10 नवम्बर 2026 11:59 AM (IST)
सीएम पुष्कर सिंह धामी ने पीएम मोदी को लिखा पत्र, कहा- उत्तराखंड में हर वर्ग के कल्याण और प्रगति का मार्ग प्रशस्त हो रहा
देहरादून । उत्तराखंड के मुख्यमत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर उनके मार्गदर्शन और सहयोग से उत्तराखंड में हुए विकास कार्यों और उपलब्धियों की जानकारी दी है। इससे पहले पीएम मोदी ने उत्तराखंड के स्थापना दिवस पर मुख्यमंत्री धामी के कार्यों की प्रशंसा करते हुए पत्र भेजा था। पुष्कर सिंह धामी ने एक्स पर लिखा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन व सहयोग से देवभूमि उत्तराखंड के विकास और जनकल्याण के क्षेत्र में हुए अभूतपूर्व कार्यों व उपलब्धियों को पत्र के माध्यम से साझा कर रहा हूं। आज उत्तराखंड की पहचान उत्कृष्ट पर्यटन गंतव्य, इंडस्ट्री फ्रेंडली स्टेट और तीव्र गति से आगे बढ़ती अर्थव्यवस्था के रूप में स्थापित हो रही है। इस नए उत्तराखंड में हर वर्ग के कल्याण और प्रगति का मार्ग प्रशस्त हो रहा है।" मुख्यमंत्री ने पत्र में लिखा, "आपने (प्रधानमंत्री) बाबा केदारनाथ के श्रीचरणों में कहा था कि 'इक्कीसवीं सदी का तीसरा दशक उत्तराखंड का दशक होगा।' आपके इस उद्घोष ने प्रदेश की विकास यात्रा को एक नई दिशा, नया आत्मविश्वास और नई ऊर्जा प्रदान की। आज जब हम बीते वर्षों की ओर देखते हैं, तो अनुभव होता है कि यह केवल एक राजनीतिक संकल्प नहीं था, बल्कि देवभूमि के सामर्थ्य को पहचानने और उसे नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का राष्ट्रीय संकल्प था। आपके कुशल नेतृत्व और केंद्र तथा राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से यह विश्वास धरातल पर साकार होता दिखाई दे रहा है।"
मुख्यमंत्री ने पीएम मोदी संबोधित करते हुए कहा, "वर्ष 2023 में उत्तरकाशी की सिल्क्यारा सुरंग में 41 श्रमिकों के फंसने की अत्यंत चुनौतीपूर्ण घटना के दौरान आपने जिस निरंतर चिंता, सक्रिय निगरानी और मार्गदर्शन के साथ बचाव अभियान की प्रत्येक गतिविधि पर नजर रखी, वह श्रमिकों के जीवन के प्रति आपकी प्रतिबद्धता का प्रमाण है।"
उन्होंने आगे कहा, "11 सितंबर, 2025 को देहरादून पहुंचकर आपने आपदा प्रभावित परिवारों से व्यक्तिगत रूप से भेंट की, उनकी पीड़ा सुनी तथा राहत एवं पुनर्वास कार्यों के लिए 1,200 करोड़ की सहायता की घोषणा की, जिसकी धनराशि उत्तराखंड को उपलब्ध कराई जा रही है। इससे यह संदेश मिला कि संकट की घड़ी में केंद्र सरकार उत्तराखंड के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है।"
मुख्यमंत्री ने आगे लिखा, "मई 2023 में देहरादून से वंदे भारत एक्सप्रेस के शुभारंभ के अवसर पर आपके द्वारा उत्तराखंड के विकास के लिए प्रस्तुत 'नवरत्नों' की परिकल्पना आज धरातल पर साकार होती दिखाई दे रही है।"
धामी ने पत्र में लिखा, "वीरभूमि उत्तराखंड के सैनिकों और उनके परिवारों के सम्मान के लिए प्रदेश सरकार ने महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। परमवीर चक्र से सम्मानित वीरों की अनुग्रह राशि ₹1.50 करोड़ से बढ़ाकर 2 करोड़ तथा शहीदों के आश्रितों की अनुग्रह राशि 10 लाख से बढ़ाकर 50 लाख की गई है।"
उन्होंने आगे कहा, "अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचाने की दिशा में 'हाउस ऑफ हिमालयाज' ब्रांड की स्थापना एक दूरगामी पहल सिद्ध हो रही है। उत्तराखंड को निवेश और औद्योगिक विकास के एक उभरते केंद्र के रूप में स्थापित करने में आपके मार्गदर्शन की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। स्टार्टअप एवं नवाचार के क्षेत्र में भी उत्तराखंड नई संभावनाओं के साथ आगे बढ़ रहा है। प्रदेश में 1,300 से अधिक भारत सरकार से मान्यता प्राप्त तथा 200 से अधिक राज्य सरकार से मान्यता प्राप्त स्टार्टअप स्थापित हुए हैं।"
धामी ने आगे बताया कि वर्ष 2026-27 के लिए राज्य का सकल राज्य घरेलू उत्पाद लगभग 4.28 लाख करोड़ रुपये अनुमानित है, वहीं राज्य का बजट भी बढ़कर एक लाख करोड़ रुपये से अधिक हो चुका है।"
उन्होंने कहा, "हरिद्वार में आयोजित होने वाला कुंभ मेला-2027 हमारी सनातन परंपरा, आध्यात्मिक चेतना और सांस्कृतिक एकात्मता का विराट प्रतीक है। इसके सफल आयोजन के लिए केंद्र सरकार द्वारा प्रदान किया जा रहा सहयोग प्रदेश के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।"
मुख्यमंत्री ने पत्र में लिखा, "हमारा दृढ़ विश्वास है कि विकसित भारत 2047 की संकल्पना में विकसित उत्तराखंड की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होगी। प्रदेश में रिवर्स पलायन में 44 प्रतिशत की वृद्धि इस बात का संकेत है कि रोजगार और आजीविका के नए अवसर लोगों को अपने गांवों और जड़ों की ओर लौटने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। हमारा प्रयास है कि यह परिवर्तन और व्यापक हो तथा पहाड़ का युवा अपने ही गांव में सम्मानजनक आजीविका प्राप्त कर सके।"
--आईएएनएस

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement