नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की पहल पर राज्य सरकार
द्वारा जनशक्ति, संसाधन और विशेष प्रशिक्षण के जरिये पुलिस की कार्यशैली
में बदलाव किया गया है। यह बदलाव सशक्त हो इसके लिये ‘‘प्रदेश स्तरीय पुलिस
इमरजेन्सी प्रबन्धन प्रणाली (पीईएमएस) डायल 100 परियोजना’’ को तैयार किया
गया है। इसके माध्यम से पूरे प्रदेश के नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रो में
निवास करने वाली आम जनता को एक समान एवं उच्च स्तर की त्वरित एवं न्यूनतम
समय में जनसुरक्षा सेवाएं उपलब्ध कराई जायेगी। इससे उत्तर प्रदेश पुलिस का
एक नया चेहरा जनता के समक्ष लाने का प्रयास किया गया है। परियोजना का
उद्देश्य (विजन स्टेटमेन्ट) ‘‘प्रदेश में कहीं भी किसी भी समय सभी
व्यक्तियों जिसमें विकलांगजन भी शामिल हैं, की सुरक्षा एवं संरक्षा के लिये
त्वरित एकीकृत आपातकालीन सेवाएं प्रदान किया जाना’’ है। यह प्रदेश का ही
नहीं, बल्कि देश का सबसे बड़ा और आधुनिक नेटवर्क होगा। जनसुरक्षा की दृष्टि
से संचालित अन्य सेवाये जैसे फायर सर्विस, राजमार्ग पुलिस, एकीकृत यातायात
प्रबन्ध, स्मार्ट सिटी सर्विलांस, वूमेन पावर लाइन जैसी सेवाओं को भी निकट
भविष्य में इसी केन्द्र से एकीकृत किया जायेगा।