classes will start in the biology faculty Gokdha: Anil Sharma-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 22, 2026 4:52 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

गोखड़ा में जीव विज्ञान संकाय की कक्षाएं होंगी आरंभ : अनिल शर्मा

khaskhabar.com: सोमवार, 12 दिसम्बर 2016 4:25 PM (IST)
गोखड़ा में जीव विज्ञान संकाय की कक्षाएं होंगी आरंभ : अनिल शर्मा
मंडी। प्रदेश सरकार शैक्षणिक आधारभूत संरचना को विकसित करने के लिए कारगर कदम उठा रही है। इसी का परिणाम है कि प्रदेश को इस वर्ष बड़े राज्यों की श्रेणी में शिक्षा तथा समावेशी विकास में सर्वश्रेष्ठ आंका गया है और राज्य में शिक्षक छात्र अनुपात देशभर में श्रेष्ठ है। यह बात सदर क्षेत्र की राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला गोखड़ा के वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में बतौर मुख्यातिथि उपस्थित ग्रामीण विकास एंव पंचायती राज मंत्री अनिल शर्मा ने कही । उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने अपने चार वर्ष के कार्यकाल में लगभग 1075 स्कूल खोले अथवा स्तरोन्नत किए हैं। परिणामस्वरूप आज प्रदेश में डेढ़ किलोमीटर के दायरे में प्राथमिक शिक्षा उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार मेधावी छात्रों को विभिन्न छात्रवृत्तियां प्रदान कर रही है। इसके अतिरिक्त पिछड़े व कमजोर वर्गों के छात्रों को छठी से बारहवीं कक्षा तक शिक्षा हेतु छात्रवृत्तियां प्रदान की जा रही है। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्कूल में इस वर्ष लगभग 35 हजार रुपए की राशि छात्रवृत्ति के रूप में प्रदान की गई है। उन्होंने कहा कि बारहवीं कक्षा तक के लगभग एक लाख 34 हजार छात्र-छात्राओं को मुख्यमंत्री वर्दी योजना के अंतर्गत निःशुल्क वर्दियां प्रदान की जा रही हैं। अनिल शर्मा ने कहा कि प्रदेश में कम्प्यूटर शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए भी विशेष प्रयास किए जा रहे हैं और स्कूलों में स्मार्ट क्लासरूम तथा आईसीटी प्रयोगशालाएं स्थापित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला गोखड़ाए बरयारा तथा ननावां में खेल मैदानों के निर्माण पर 10-10 लाख रुपए व्यय किए जा रहे हैं। अनिल शर्मा ने कहा कि वर्तमान कार्यकाल में सदर क्षेत्र में विकास कार्यों को तीव्र गति प्रदान की गई है। कोटली में बस अड्डे का निर्माण प्रगति पर है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में पेयजल सुविधा सुदृढ़ की जा रही है। उन्होंने कहा कि सूक्का कून पेयजल योजना का निर्माण कार्य आगामी वर्ष की प्रथम तिमाही में पूर्ण कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि मंडी शहर व साथ लगते गांवों को चौबीस घंटे पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए लगभग 83 करोड़ रुपए की पेयजल योजना ऊहल नदी से निर्मित की जा रही है और इसका कार्य भी अंतिम चरणों में है।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण विकास में पशुपालन की अहम भूमिका है और सदर क्षेत्र में पशुपालकों को हर तरह की सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं। इस अवसर पर उन्होंने स्थानीय पाठशाला गोखड़ा में जीव विज्ञान संकाय की कक्षाएं आरंभ करने तथा स्कूल मैदान को पक्का करने के लिए आवश्यकतानुसार धन उपलब्ध करवाने की घोषणा की। उन्होंने लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिए कि त्रयासल से आगे ननावां तक सम्पर्क सड़क के शेष निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गोखड़ा में चिकित्सक की शीघ्र तैनाती तथा सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग व विद्युत बोर्ड के अनुभाग कार्यालय खोलने का भी आश्वासन दिया।
उन्होंने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले छात्र-छात्राओं को अपनी ऐच्छिक निधि से 15 हजार रुपए प्रदान करने की भी घोषणा की। इससे पूर्व स्कूल के प्रधानाचार्य चंद्रशेखर गुलेरिया ने मुख्यातिथि का स्वागत किया। इस अवसर पर मंडी जिला कांग्रेस के महामंत्री रवि सिंह, ब्लॉक कांग्रेस के अध्यक्ष धर्मपाल ठाकुर, पूर्व अध्यक्ष नारायण सिंह गुलेरिया, युवा कांग्रेस के अध्यक्ष रविन्द्र ठाकुर, पंचायत समिति सदस्य राजेंद्र, अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण विभाग पीसी वर्मा, सहायक अभियंता लोक निर्माण, सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य व विद्युत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व अन्य चुने हुए जन प्रतिनिधि उपस्थित थे।
आज भी याद दिलाता है अकबरी शान को तख्ते अकबरी

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement