बीजिंग। चीन ने सोमवार को अंतरिक्ष अनुसंधान क्षेत्र में अपनी क्षमताओं का विकास करने के लिए अपनी महत्वकांक्षी परियोजना मानवयुक्त अंतरिक्ष यान शेन्झू-11 का प्रक्षेपण किया। लांग मार्च-2एफ रॉकेट से इस अंतरिक्ष यान को स्थानीय समयानुसार सुबह 7.30 बजे जिउकुआन उपग्रह प्रक्षेपण केंद्र से प्रक्षेपित किया गया। यह अंतरिक्ष यान दो अंतरिक्ष यात्रियों 49 वर्षीय जिंग हाइपेंग और 37 वर्षीय चेन दोंग को लेकर गया है। हाइपेंग पहले भी दो बार अंतरिक्ष यात्रा कर चुके हैं। बीबीसी की रिपोर्ट के अनुसार, यह अंतरिक्ष यान दो दिनों के भीतर अंतरिक्ष प्रयोगशाला तियांगयोंग-2 के साथ जुड़ जाएगा। अंतरिक्ष यात्री 30 दिनों के लिए अंतरिक्ष प्रयोगशाला में रहेंगे, जो चीनी अंतरिक्ष यात्रियों द्वारा अंतरिक्ष में रुकने की सबसे लंबी अवधि होगी।