change old notes and for new notes people descended banks from morning-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 22, 2026 4:50 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

पैसों केलिए लोगों का बैंकों पर डेरा,भारी भीड़

khaskhabar.com: गुरुवार, 10 नवम्बर 2016 9:26 PM (IST)
पैसों केलिए लोगों का बैंकों पर डेरा,भारी भीड़
नई दिल्ली | पूरे देश में बैंकों और डाकघरों पर गुरुवार को लोगों का मेला जैसा लग गया। मोदी सरकार द्वारा मंगलवार रात 500 रुपये और 1,000 रुपये के नोट बंद करने की घोषणा करने के बाद गुरुवार को दोबारा खुले बैंको में इन नोटों को बदलवाने के लिए भीड़ टूट पड़ी। प्रधानमंत्री की घोषणा के बाद 36 घंटे के इंतजार के बाद लाखों बेचैन लोग गुरुवार सुबह नोटों को बदलने के लिए बैंकों और डाकघरों के खुलने के पहले ही इनके सामने कतार में लग गए। उत्तर, दक्षिण, पूरब और पश्चिम, हर जगह से यही खबर मिली है। दिल्ली, नोएडा और गुड़गांव में लोग सुबह 6 बजे से ही बैंकों के सामने कतार में लग गए। कानून व्यवस्था की स्थिति को संभालने के लिए विशेष सुरक्षा इंतजाम भी करने पड़े।नोएडा के एक्सिस बैंक की शाखा जब सुबह आठ बजे खुली तो इसके सेल्स एक्जिक्यूटिव मुकुल बैंक के बाहर ग्राहकों को पैसे निकालने वाले फॉर्म बांटने के लिए खड़े थे। उन्होंने बताया, जब मैं कार्यालय पहुंचा तो पहले से भीड़ मौजूद थी। अब हम पूरी क्षमता से अपना काम कर रहे हैं और बैंक के अंदर अभी भी बड़ी संख्या में लोग मौजूद हैं। मुकुल के मुताबिक, हमें जल्दी कार्यालय पहुंचने के लिए कहा गया था और हमारी शिफ्ट (काम करने के समय) को दो घंटे बढ़ा दिया गया है। हम ऐसी ही भीड़ की उम्मीद कर रहे थे।
नोएडा में ही कोटक बैंक की एक शाखा में भारी भीड़ दिखी। इस बैंक के सुरक्षा गार्ड ने बताया कि बैंक खुलने के पहले से ही, लोगों की भीड़ जुटने लगी थी। लोग काफी पहले से ही वहां खड़े रहे। रुपये बदलने और जमा करने आए एक ग्राहक नरेश चौहान ने कहा, "मैं पिछले एक घंटे से कतार में खड़ा हूं। मैं सुबह नौ बजे आया था, मुझे लगता है कि और जल्दी आना चाहिए था। "
अधिकांश बैंकों ने फॉर्म भरने और अन्य निर्देशों से संबंधित बातों के संबंध में लोगों का मार्गदर्शन करने के लिए कम से कम दो कर्मचारियों को गेट के बाहर तैनात कर रखा था। हालांकि, अधिकांश ग्राहक पैसे निकालने, बदलने व जमा करने संबंधी नियमों से परिचित दिखे।हालांकि, स्वतंत्र सूत्रों से पुष्टि नहीं हुई है लेकिन टेलीविजन की खबरों में ग्राहकों के हवाले से कहा गया है कि कुछ शाखाओं और एटीएम में खुलने के बाद कुछ घंटे में नकदी समाप्त हो गई।
कई जगहों पर लोग उस वक्त हताश हो गए जब बैंक ने बताया कि पैसा इतना नहीं है कि उनकी मांग को पूरा किया जा सके। सरकार ने कहा है कि 4 हजार रुपये तक नोट बदले जा सकते हैं, लेकिन बहुत अधिक मांग और नोट की कमी की वजह से कई बैंकों ने इस राशि का आधा ही लोगों को दिया ताकि सभी को पैसा मिल सके।दिल्ली के लाजपतनगर में अनिल वाधवानी को आईसीआईसीआई बैंक में पांच घंटे तक लाइन में लगने के बाद इस तकलीफदेह अहसास से गुजरना पड़ा। उन्होंने कहा, मैं 1000 की चार नोट लेकर आया था लेकिन इनमें से सिर्फ दो को ही बदला गया।
नोट जमा करने की कोई सीमा नहीं है, लेकिन अधिक राशि होने पर बैंकों ने पैन नंबर मांगे। 10 हजार रुपये निकालने वालों से भी पहचान पत्र मांगे गए। अफरातफरी की खबरें हैदराबाद, मुंबई, कोलकाता, चेन्नई, बेंगलुरु, चंडीगढ़ समेत कई जगहों से मिली हैं।
यह भी पढ़े :नोट बंद करने का क्यों उठाया कदम,आरबीआई ने क्या बताया
यह भी पढ़े :नौ करोड़ का युवराज बना ’आकर्षण का केद्र’

1/2
Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement