कोटा। हाड़ौती को कई लाल बत्तियां मिली है। लेकिन संभाग के कद्दावर नेताओं को मंत्रिमंडल में जगह नहीं मिलने की कसक स्थानीय जनता में है और वे अपने आप को ठगा सा महसूस कर रहे हैं। सरकार गठन के बाद दो बार मंत्रिमंडल विस्तार के बावजूद कोटा बूंदी बारां और झालावाड़ के कद्दावर नेताओं को कई आयोग और बोर्डों का अध्यक्ष बनाकर लाल बत्ती तो दी गई है। लेकिन इन्हें मंत्रिमंडल में जगह नहीं मिलने के बाद इन नेताओं के मन में उदासी का माहौल बना हुआ है। फिर भले ही मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे झालावाड़ से क्यों नहीं आती हो। हाड़ौती से आने वाले कद्दावर नेताओं में सीएम राजे का पहला स्थान है। वहीं दूसरे नंबर पर हैं प्रभुलाल सैनी। जो केबिनेट में कृषि मंत्री के पद पर हैं। परंतु हाड़ौती की नब्ज समझने में प्रभुलाल सैनी अभी भी कमजोर है। तीसरे नंबर पर कद्दावर नेताओं में झालावाड़ के कृष्ण पाटीदार हैं। जो सीएम के नजदीकी भी माने जाते हैं और उन्हें राज्यमंत्री का दर्जा मिला है। मुख्यमंत्री राजे ने अल्पसंख्यक मतदाताओं को रिझाने के लिए आमीन पठान को लाल बत्ती दे रखी है। बूंदी की बात करें तो पहले राज्यमंत्री और अब केबिनेट मंत्री के रुप में बाबूलाल वर्मा को जगह दी गई है। लेकिन इलाके में बाबूलाल वर्मा की गिनती जनप्रिय नेताओं के रुप में नहीं होती है। हाड़ौती में नागर समुदाय एक विशेष अहमियत रखता है। जातिगत दृष्टिकोण को देखते हुए नागर समुदाय को सत्ता और संगठन में जगह भी मिली है और खानपुर विधायक नरेंद्र नागर को संसदीय सचिव बनाया गया है। बारां से दूसरी लालबत्ती के रुप में प्रेमनारायण गालव को जगह दी गई है। ये बात बारां के कार्यकर्ता अच्छी तरह जानते हैं। कि कांग्रेस नेता प्रमोद जैन भाया के मुकाबले प्रेम नारायण की जमीन इतनी मजबूत नहीं है। अगले विधानसभा चुनाव में प्रेम नारायण गालव की वजह से भाजपा को कुछ हासिल नहीं होगा। राजनीतिक विश्लेषक इस बात को पहले ही जाहिर कर चुके हैं कि बारां में जिला अध्यक्ष के रूप में भी नागर समुदाय को जगह मिली है। इसे देखते हुए ये तो साफ है कि संभाग में लालबत्ती तो खूब बांटी गई। लेकिन इन नेताओं को हाड़ौती इलाके में जगह नहीं मिली। यहां तक जनाधार रखने वाले छबड़ा छीपाबडौद विधायक प्रताप सिंह सिंघवी को भी मंत्रिमंडल में जगह नहीं मिली। जिनका जनाधार बारां के साथ पूरे हाड़ौती में देखा जा सकता है। पिछली भाजपा सरकार में मंत्री के रूप में सिंघवी ने अपनी जिम्मेदारी बहुत अच्छी तरह निभाई थी और इलाके में लगातार पांच बार विधायक बनने के बाद भी और व सबसे ज्यादा मतों से जीतने वाले हैं। ऐसे में उन्हें भी सत्ता व संगठन में जगह मिली है। हाड़ौती का दूसरा सबसे बड़ा नाम प्रहलाद गुंजल, जो कोटा उत्तर से विधायक हैं, उन्हें भी वसुंधरा सरकार ने दरकिनार कर दिया। प्रहलाद गुंजल ने विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के दिग्गज नेता शांति धारीवाल को धूल चटाई थी। प्रहलाद गुंजल कद्दावर जनप्रिय नेता हैं। राजस्थान में कई बार अपनी कार्यशैली की वजह से काफी चर्चाओं में भी रहते हैं। राजनीतिक विश्लेषकों की मानें तो मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने प्रहलाद गुंजल को मंत्रिमंडल में जगह ना देकर गुर्जर समुदाय को नाराज किया। हाड़ौती से तीसरा बड़ा नाम भवानी सिंह राजावत का है। जो पिछली सरकार में संसदीय सचिव के रूप में अपनी जिम्मेदारी सफलतापूर्वक निभा चुके हैं। पिछली सरकार में भवानी सिंह राजावत मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के नजदीकी सिपहसालार माने जाते थे। लाडपुरा विधानसभा क्षेत्र से लगातार तीसरी बार वे जीते हैं। लेकिन राज्य सरकार और पार्टी ने उन्हें भी सत्ता और संगठन में जगह नहीं दी। ऐसे में सत्ता और संगठन में संभाग की कम मौजूदगी लोगों के लिए चिंता बनी हुई है। मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे का ये कदम आने वाले विधानसभा चुनाव में क्या गुल खिलाएगा। ये तो भविष्य के गर्भ में छुपा है। लेकिन वर्तमान के बारे में बात करें तो हाड़ौती को बहुत कुछ मिलने के बाद भी बहुत कुछ खाली सा लगता है। भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता, जो अपने नेताओं को मंत्री बनते हुए देखना चाहते थे। उनके सपने सपने ही रह गए। अब देखना ये होगा कि सीएम वसुंधरा राजे हाड़ौती की जनता की उम्मीदें पूरी करने के लिए क्या गुल खिलाती हैै।
डिजिटल पेमेंट अपनाओ,ईनाम पाओ: सरकार लाएगी इन्सेन्टिव स्कीम