Bundi blocked internet on 5th January, temporary injunction extended 48 hours and extended-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 22, 2026 1:27 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

बूंदी में 5 जनवरी तक इंटरनेट पर रोक, अस्थायी निषेधाज्ञा 48 घंटे और बढ़ाई

khaskhabar.com: मंगलवार, 02 जनवरी 2018 8:10 PM (IST)
बूंदी में 5 जनवरी तक इंटरनेट पर रोक, अस्थायी निषेधाज्ञा 48 घंटे और बढ़ाई
बूंदी। बूंदी में मानदाता छतरी को लेकर बने हालात के बाद बूंदी शहर में स्थिति पूर्णतः शातिपूर्ण बनाने की दिशा में जनप्रतिनिधि, जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, व्यापारिक संगठनों एवं अन्य संगठनों के पदाधिकारियों ने संयुक्त वार्ता की। इसके साथ ही बूंदी में इंटरनेट सेवाएं निलंबित रखने संबंधी अस्थाई निषेधाज्ञा 48 घंटे और बढाई गई है। पूर्व में 3 जनवरी को सुबह 6 बजे तक इंटरनेट सेवाएं प्रतिबंधित की गई थी, जिसे अब 5 जनवरी को सुबह 6 बजे तक प्रतिबंधित कर दिया गया है। इस संबंध में संभागीय आयुक्त द्वारा आदेश जारी किए गए हैं। वार्ता में निर्णय लिया गया कि बुधवार से सभी प्रतिष्ठान खोले जाएंगे। सभी ने संयुक्त रूप से व्यापारियों से अपील की है कि वे आम दिनों की तरह बुधवार सुबह बिना किसी घबराहट के सहजता के साथ अपने प्रतिष्ठान खोलें। बूंदी विधायक अशोक डोगरा एवं महिपत सिंह हाडा ने व्यापारियों को भरोसा दिलाया कि प्रशासन एवं पुलिस द्वारा एहतियाती तौर पर सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्था बरकरार रखी जाएगी। जिला मजिस्ट्रेट एवं जिला कलक्टर शिवांगी स्वर्णकार व जिला पुलिस अधीक्षक आदर्श सिद्धू ने भी आश्वस्त किया है कि बूंदी में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन एवं पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है और किसी को भी किसी तरह की परेशानी नहीं आने दी जाएगी।
बैठक में रोशन बिलौची, माधव प्रसाद विजयवर्गीय, प्रशांत मोदी, संदीप चांदवानी, प्रेमचंद भण्डारी, रामस्वरूप राठौर सहित विभिन्न व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारियों ने बाजार खोलने का विश्वास दिलाया। बैठक में लक्ष्मीनारायण श्रृंगी, कृष्णमुरारी चतुर्वेदी, मांगीलाल गोचर एवं विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों ने भी आमजन से शांति व्यवस्था बनाए रखते हुए शहर में सामान्य माहौल बनाने में सहयोग की अपील की।
डीसी और आईजी ने लिया जायजा
संभागीय आयुक्त रोहित गुप्ता, पुलिस महानिरीक्षक विशाली बंसल, अतिरिक्त संभागीय आयुक्त प्रियंका गोस्वामी ने मंगलवार को स्थिति की समीक्षा की एवं अधिकारियों से व्यापक विचार विमर्श किया। जिला प्रशासन एवं पुलिस की रहेगी निगरानी जिला कलक्टर शिवांगी स्वर्णकार ने बूंदी वासियों को विश्वास दिलाया है कि बूंदी में स्थिति में पूर्णत शांतिपूर्ण है। व्यापारी सहजता के साथ अपने प्रतिष्ठान शुरू करें एवं आमजन भी हालात सामान्य बनाने में मददगार बनें। उन्होंने कहा है कि जिला प्रशासन सुरक्षा के प्रति पूरी तरह मुस्तैद है। व्यापारियों एवं आमजन को किसी भी प्रकार तकलीफ नहीं आने दी जाएगी।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement