सपा नेता सहित दो कार का शीशा तोड़कर नगदी भरे बैग किए पार
khaskhabar.com: शनिवार, 14 जनवरी 2017 11:43 AM (IST)
कानपुर। साउथ सिटी में शातिरों चोरों ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार का शीशा तोड़कर जहां सपा नेता का अटैची पार कर दी, तो वहीं दूसरी घटना में एक दुकानदार का बैग ले उड़े। दोनों ही घटनाओं में पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है। शहर की साउथ सिटी के बर्रा थाना इलाके में सपा नेता अशोक अंसवानी अपनी कार से पहलवान दूध डेरी के पास कार से किसी काम के चलते गए थे। कार से उतरकर वह कुछ लोगों से बात करने लगे, इस बीच चोरों ने कार का शीशा तोड़कर पीछे रखी अटैची व मोबाइल पार कर दिया। वापस लौटने पर शीशा टूटा देख चोरी की जानकारी हुई। दूसरी घटना किदवई नगर थाना क्षेत्र में पीपीएन हॉस्पिटल आए बाइक सर्विस दुकानदार ज्ञान प्रकाश सचान के साथ हुई। वह हॉस्पिटल अपने पिता को इलाज के लिए लाये थे। डाक्टरों से बीमार पिता को दिखाने के बाद जैसे ही वह बाहर आए तो देखा कि कार का शीशा टूटा हुआ है। अंदर देखा तो कार में रखा बैग गायब था। उनके मुताबिक बैग में पिता के इलाज के लिए 30 हजार रूपये रखे थे। दोनों की घटनाओं में पुलिस ने पीड़ितों से तहरीर लेकर चोरों की तलाश में जुट गई है।