पटना। केंद्र सरकार की नोटबंदी के खिलाफ सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव की जन अधिकार पार्टी (जाप) का आंदोलन जारी है। इस कड़ी में गुरुवार को जाप के बिहार में किए गए चक्का जाम आंदोलन का कई क्षेत्रों में आवागमन पर प्रतिकूल प्रभाव देखा गया, जिससे आम लोग परेशान रहे। सांसद पप्पू यादव खुद पटना की सडक़ों पर उतरे और जीरो माइल क्षेत्र के पास सडक़ जाम में शामिल हुए।
पप्पू यादव के नेतृत्व में राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 30 को जाम कर प्रदर्शन किया गया। इससे जीरो माइल के पास बाइपास पर गाडिय़ों की लंबी कतारें लग गईं। पप्पू यादव ने इस दौरान नोटबंदी के लिए केंद्र सरकार की जमकर आलोचना की।
सांसद पप्पू यादव ने कहा कि नोटबंदी के खिलाफ अब आरपार की लड़ाई होगी। केंद्र सरकार बेनामी संपत्ति का भी पता लगाए और उसे जब्त कर गरीबों में बांटे। उन्होंने इस चक्का जाम को सफल करार देते हुए कहा कि आम लोग नोटबंदी के विरोध में उतरे हैं। यह लड़ाई अब जारी रहेगी।