Block level function on 59th International Literacy Day, those who did excellent work were honored-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 22, 2026 1:20 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

59वें अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस पर ब्लॉक स्तरीय समारोह, उत्कृष्ट कार्य करने वाले हुए सम्मानित

khaskhabar.com: सोमवार, 08 सितम्बर 2025 2:55 PM (IST)
59वें अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस पर ब्लॉक स्तरीय समारोह, उत्कृष्ट कार्य करने वाले हुए सम्मानित
मालपुरा। 59वें अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस के अवसर पर आज पंचायत समिति सभागार में ब्लॉक स्तरीय समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य साक्षरता के महत्व को जन-जन तक पहुंचाना और 'नव भारत साक्षरता कार्यक्रम' में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को प्रोत्साहित करना था। समारोह के मुख्य अतिथि मालपुरा पंचायत समिति के प्रधान श्री सकराम चोपड़ा रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी (सीबीईओ) श्री एन. एल. कटारिया ने की। मंच पर विशिष्ट अतिथियों में पीईईओ कांटोली श्री महेंद्र कुमार शर्मा, पीईईओ रिण्डिलिया बुजुर्ग श्रीमती सीमा सिहरा और ब्लॉक साक्षरता कोऑर्डिनेटर श्री बाबूलाल यादव उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान, साक्षरता अभियान में सराहनीय प्रदर्शन करने वाले पांच लर्नर्स (नव-साक्षरों), दो स्वयंसेवी शिक्षकों (वीटी) और दो साक्षरता प्रभारियों को मुख्य अतिथि एवं अध्यक्ष द्वारा प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी श्री एन. एल. कटारिया ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में साक्षरता कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि शिक्षा ही समाज की प्रगति का मूल आधार है और हमें मिलकर हर व्यक्ति को साक्षर बनाने का संकल्प लेना होगा।
मुख्य अतिथि प्रधान श्री सकराम चोपड़ा ने सभी से पूरी निष्ठा और लगन के साथ इस अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा, "साक्षरता केवल अक्षर ज्ञान नहीं, बल्कि अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूकता का भी माध्यम है।"
इस अवसर पर श्री महेंद्र कुमार शर्मा, श्रीमती सीमा सिहरा और श्री बाबूलाल यादव ने भी साक्षरता की आवश्यकता और महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए।
समारोह में ब्लॉक के सभी पीईईओ/यूसीईईओ कार्यालयों के साक्षरता प्रभारी एवं शिक्षा विभाग के अन्य कर्मचारीगण मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement