BJP tops the division of Muslim votes and half the population trends-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 26, 2026 8:28 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

खास खबर Exclusive: मुस्लिम वोटों के विभाजन व आधी आबादी के रुझान से बीजेपी अव्वल

khaskhabar.com: रविवार, 12 मार्च 2017 10:44 AM (IST)
खास खबर Exclusive: मुस्लिम वोटों के विभाजन व आधी आबादी के रुझान से बीजेपी अव्वल
अभिषेक मिश्रा, लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा में मुस्लिम वोटों के विभाजन और महिला मतदाताओं की बढ़ी संख्या ने भारतीय जनता पार्टी की जीत की राह काफी आसान कर दी। भाजपा के हिस्से आईं तीन दर्जन से अधिक मुस्लिम बाहुल्य सीटों पर त्रिकोणीय संघर्ष देखने को मिला। इस बार के चुनाव में लगभग तीन सौ ऐसी सीटे है जिनमे पुरूषों के मुकाबले महिलाओं ने अधिक वोट किया। माना जा रहा है कि केंद्र सरकार की उज्जवला गैस वितरण योजना और तीन तलाक के मुद्दे ने आधी आबादी को भाजपा के पक्ष में कर दिया। यही कारण है कि उप्र में पहली बार कोई सरकार तीन सौ सीटों का आंकडा पार कर सकी है। उप्र विधानसभा चुनाव में मुस्लिम मतों के विभाजन का बड़ा कारण बसपा से मैदान में आए सौ उम्मीदवार भी बने। पश्चिम से लेकर पूरब तक बसपा के मुस्लिम उम्मीदवारों की वजह से सपा के उम्मीदवारों को हार का सामना करना पड़ा। कई जगह जहां बसपा के मुस्लिम उम्मीदवार मजबूती से लड़ रहे थे, वहां सपा के उम्मीदवारों ने उसे नुकसान पहुंचाया जिससे भाजपा को अधिकांश सीटों पर लाभ मिला। यही कारण है कि बिजनौर सदर सीट पर भाजपा की सुचि सिंह चौधरी को एक लाख से अधिक वोट मिले और उन्होंने सपा की रुचिवीरा को लगभग 28 हजार वोट से हराया, लेकिन यहां बसपा के राशिद अहमद को 50 हजार वोट मिले जो सपा उम्मीदवार रुचिवीरा की हार का सबसे बड़ा कारण बना। यही आलम लखनऊ पश्चिम पर भी देखने को मिला इस सीट पर सपा के रेहान नईम को भाजपा के सुरेश श्रीवास्तव ने 13 हजार 72 वोटो से मात दी इस सीट पर बसपा के अरमान खान को 36 हजार से अधिक वोट मिले जो पिछले चुनाव में सपा के साथ थे। लखनऊ मध्य सीट पर भाजपा के बृजेश पाठक ने सपा के रविदास को मात्र पांच हजार वोट के अंतर से हराया जबकि यहां पर कांग्रेस के मुस्लिम प्रत्याशी मारूफ खान को लगभग 13 हजार वोट मिले। यहां भी एक बड़ा कारण मुस्लिम वोटों का विभाजन ही रहा, जिससे भाजपा की जीत की राह आसान कर दी। कमोवेश यही आलम सूबे की हर तीसरी सीट पर भाजपा के जीत का एक बड़ा कारण मानी जा रही है। दूसरी ओर सात चरणों में 75 जिलो की 403 सीटों में से 53 जनपदों की 280 से अधिक सीटों पर पुरूषों के मुकाबले महिला मतदाताओं की संख्या एक से लेकर 19 फीसदी तक अधिक रही।

[ अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे]

1/2
Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement