BJP Prabuddha Sammelan in Jagadhari: Manohar Lal claims BJP government will be formed for the third time-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 26, 2026 8:26 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

जगाधरी में भाजपा का प्रबुद्ध सम्मेलन : मनोहर लाल ने कहा-कांग्रेस का एकमात्र उद्देश्य जनता को भ्रमित करना

khaskhabar.com: रविवार, 22 सितम्बर 2024 3:01 PM (IST)
जगाधरी में भाजपा का प्रबुद्ध सम्मेलन : मनोहर लाल ने कहा-कांग्रेस का एकमात्र उद्देश्य जनता को भ्रमित करना
यमुनानगर। जगाधरी में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा आयोजित प्रबुद्ध सम्मेलन में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे केंद्रीय मंत्री और हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने चुनावी बिगुल फूंका। मनोहर लाल ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस का एकमात्र उद्देश्य जनता को भ्रमित करना और उन्हें गुमराह करना है। उन्होंने कहा, "कांग्रेस पार्टी के पास अब कोई ठोस योजना नहीं बची है, और वे केवल हवा-हवाई वादे कर जनता को बहलाने का काम कर रहे हैं।" मनोहर लाल ने हरियाणा के चुनावी इतिहास का हवाला देते हुए कहा, "हरियाणा में हमेशा वही पार्टी जीतती है जिसकी केंद्र में सरकार होती है, और इस बार भी भाजपा मजबूत होकर तीसरी बार सत्ता में आएगी।" उन्होंने कहा कि भाजपा की 10 साल की सरकार ने प्रदेश को स्थिरता और विकास दिया है, जबकि कांग्रेस केवल अराजकता फैलाने में लगी हुई है।
कांग्रेस सांसद कुमारी शैलजा के भाजपा में शामिल होने के संभावित सवाल पर उन्होंने कहा कि यह रणनीतिक निर्णय है, जिसे अभी उजागर नहीं किया जा सकता।
मनोहर लाल ने कांग्रेस पर एक और कटाक्ष करते हुए कहा, "कांग्रेस का नेतृत्व हताश हो चुका है, और वे अब तक अपने मुख्यमंत्री उम्मीदवार का भी नाम घोषित नहीं कर पाए हैं। कभी चार उपमुख्यमंत्री बनाने की बात करते हैं तो कभी कुछ और।" उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस की स्थिति उसी कहावत जैसी है, 'पल्ले नहीं हैं दाने, कांग्रेस चली भुनाने।'
इस कार्यक्रम में भाजपा प्रत्याशी कंवरपाल गुर्जर के अलावा हिमाचल और उत्तर प्रदेश से भी कई वरिष्ठ नेता शामिल रहे, जिनमें हिमाचल के विधायक सुखराम चौधरी और बलबीर वर्मा तथा उत्तर प्रदेश के पूर्व कैबिनेट मंत्री सुरेश राणा भी उपस्थित थे।
भाजपा ने इस प्रबुद्ध सम्मेलन के माध्यम से अपने चुनावी अभियान को गति देते हुए स्पष्ट संदेश दिया है कि वे हरियाणा में फिर से सत्ता हासिल करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement