Advertisement
छात्र आंदोलन के समर्थन में भाजपा का आज झारखंड बंद, मरांडी का आरोप- बर्बरता से हुआ लाठीचार्ज

पार्टी ने आरोप लगाया कि सोमवार को विधानसभा घेराव के दौरान पुलिस ने छात्रों को रोकने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े, वाटर कैनन का इस्तेमाल किया और लाठीचार्ज किया। भाजपा नेताओं ने दावा किया कि पुलिस कार्रवाई में कई छात्र घायल हुए।
उन्होंने आंदोलन स्थल पर लगाए गए पंडाल को हटाने के लिए भी प्रशासन पर कार्रवाई करने का आरोप लगाया। भाजपा ने जेपीएससी-जेएसएससी की विभिन्न भर्ती प्रक्रियाओं को लेकर सरकार से जवाब मांगा।
पार्टी नेताओं ने झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) की सीजीएल परीक्षा, सहायक आचार्य, स्नातकोत्तर शिक्षक (पीजीटी) और उत्पाद सिपाही भर्ती सहित कई नियुक्ति प्रक्रियाओं में कथित गड़बड़ी का मुद्दा उठाया। 14वीं जेपीएससी प्रारंभिक परीक्षा मामले में हुई गिरफ्तारियों का भी उन्होंने उल्लेख किया।
भाजपा नेताओं ने कहा कि छात्रों का राज्य की जांच एजेंसियों पर भरोसा नहीं है। इसलिए सभी संबंधित मामलों की जांच सीबीआई से कराई जानी चाहिए। प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहु ने कांग्रेस और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर भी निशाना साधा। भाजपा नेताओं ने कहा कि कांग्रेस अन्य राज्यों में छात्रों के मुद्दे उठाती है, लेकिन झारखंड में आंदोलन कर रहे छात्रों की सीबीआई जांच की मांग पर उसका रुख स्पष्ट नहीं है।
उन्होंने कहा कि 11 अगस्त को सुबह आठ बजे से देर रात तक राज्यव्यापी बंद रहेगा। स्वास्थ्य सेवाओं और देवघर सहित धार्मिक स्थलों की यात्रा करने वाले कांवरियों को बंद से मुक्त रखा गया है। पार्टी ने कहा कि भाजपा छात्रों के साथ खड़ी है और सरकार को बातचीत के जरिए उनकी मांगों का समाधान करना चाहिए।
भाजपा नेताओं ने चेतावनी दी कि छात्रों के साथ दोबारा बल प्रयोग या किसी तरह का गलत व्यवहार हुआ तो पार्टी अपना विरोध और तेज करेगी।
ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे
Advertisement
प्रमुख खबरें
Advertisement
Traffic
Features


