Bihar: Scorpio falls from bridge into river, killing six; villagers rescue a young man-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 20, 2026 5:32 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

बिहार : पुल से नदी में गिरी स्कॉर्पियो, छह लोगों की मौत, एक युवक को ग्रामीणों ने बचाया

khaskhabar.com: गुरुवार, 19 नवम्बर 2026 10:54 AM (IST)
बिहार : पुल से नदी में गिरी स्कॉर्पियो, छह लोगों की मौत, एक युवक को ग्रामीणों ने बचाया
अररिया । बिहार के अररिया जिले में एक सड़क हादसे में छह लोगों की मौत हो गई। तिलक समारोह से लौट रहे लड़की पक्ष के लोगों से भरी एक स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर पुल से नीचे मरिया नदी में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि स्कॉर्पियो में सवार छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक, हादसा ताराबाड़ी थाना क्षेत्र के बीड़ी पुल पर हुआ। बताया जा रहा है कि स्कॉर्पियो में सवार सभी लोग सुपौल जिले के पिपरा थाना क्षेत्र के थुमहा गांव के निवासी थे। वे अररिया जिले के सिकटी प्रखंड स्थित भपटिया गांव में आयोजित तिलक समारोह में शामिल होने के बाद वापस अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान बीड़ी पुल के तीखे मोड़ पर चालक स्कॉर्पियो पर से नियंत्रण खो बैठा। अनियंत्रित वाहन सीधे पुल की रेलिंग पार करते हुए नीचे मरिया नदी में जा गिरा। हादसे के बाद वाहन में सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना की आवाज सुनकर आसपास के स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया।
ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद एक युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि अन्य छह लोगों की जान नहीं बचाई जा सकी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से नदी में गिरी स्कॉर्पियो से सभी शवों को बाहर निकाला गया। इसके बाद उन्हें अररिया सदर अस्पताल भेजा गया। मृतकों में वाहन चालक भी शामिल है। वहीं, एक युवक को स्थानीय लोगों ने किसी तरह सुरक्षित बाहर निकाल लिया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
हादसे में जान गंवाने वाले सभी छह लोगों की उम्र करीब 15 से 28 वर्ष के बीच बताई जा रही है। सदर अस्पताल के चिकित्सकों और मुख्यालय डीएसपी ने छह लोगों की मौत की पुष्टि की है। हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया। एक साथ परिवार के कई सदस्यों की मौत से थुमहा गांव में मातम पसरा हुआ है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, पुल के तीखे मोड़ पर वाहन अनियंत्रित होने के कारण यह हादसा हुआ। पुलिस दुर्घटना के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
--आईएएनएस

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement