जयपुर। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने आरोप लगाया है कि वर्तमान सरकार ने पूर्वाग्रह के चलते पिछली कांग्रेस द्वारा आवंटित की गई ऐसी जमीनों को सिर्फ इसलिए निरस्त कर दिया कि उसका श्रेय कांग्रेस को नहीं मिले। उन्होंने कहा कि सामाजिक संस्थाऐं जो अच्छे उद्देश्य के लिए आगे आ रही हैं, उन्हें रियायती दर पर भूमि उपलब्ध कराने में कोई हर्ज नहीं होना चाहिए। जयपुर विकास प्राधिकरण और नगर निगम के पास लाखों बीघा भूमि उपलब्ध है, जिसे सरकार योजनाबद्ध तरीके से विकसित करे तो राजस्व में वृद्धि होगी एवं जनता को आवास सुविधा उपलब्ध हो सकेगी, लेकिन प्राधिकरण एवं निगम को तो भ्रष्टाचार से ही फुर्सत नहीं मिल रही। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने सामाजिक उद्देश्यों के लिए अनेकों सार्वजनिक/सामाजिक संस्थाओं को रियायती एवं आरक्षित दर पर भूमि आवंटित की थी। वर्तमान सरकार पूर्ववर्ती सरकार के इन फैसलों को समीक्षा के नाम पर रोकने का काम कर रही है।