Bangladeshi PM Sheikh Hasina will make Ziarat in Ajmer Dargah-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 26, 2026 8:28 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना ने अजमेर दरगाह में की जियारत

khaskhabar.com: रविवार, 09 अप्रैल 2017 4:49 PM (IST)
बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना ने अजमेर दरगाह में की जियारत
जयपुर। बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना ने रविवार को प्रसिद्ध सूफी संत ख्वाजा मोईनुद्दीन चिश्ती की दरगाह में माथा टेका। उन्होंने भारत-बांग्लादेश के संबंधों में प्रगाढ़ता एवं अमन-चैन की दुआ मांगी। उनका अजमेर पहुंचने पर राजस्थानी परंपरा के अनुसार ढोल-नगाड़ों के साथ स्वागत किया गया। दरगाह में भी उनका रेड कारपेट बिछाकर अभिनंदन किया गया। बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना अपने प्रतिनिधि दल के साथ सुबह अजमेर पहुंची। उन्होंने सूफी संत ख्वाजा मोईनुद्दीन चिश्ती की दरगाह में माथा टेका एवं चादर पेश की। उन्होंने अमन-चैन व दोनों देशों के संबंधों में मजबूती की दुआ मांगी। उनके साथ आए प्रतिनिधिमंडल ने भी मजार शरीफ पर अकीदत के फूल पेश किए। ख्वाजा मोईनुद्दीन चिश्ती की दरगाह में भी बांग्लादेश की प्रधानमंत्री का दरगाह की परंपरा के अनुसार स्वागत किया गया। उनके आने से पहले पूरे दरगाह परिसर को खाली कराया गया। उनके स्वागत में मुख्य द्वार पर रेड कारपेट बिछाया गया। दरगाह के मुख्य द्वार पर दरगाह दीवान जैनुअल आबेदीन, दरगाह नाजिम कर्नल मंसूर अली खान, सहायक नाजिम मोहम्मद आदिल, अंजुमन के पदाधिकारी प्रतिनिधि एवं खादिम कलीमुद्दीन चिश्ती सहित अन्य खादिमों ने उनका इस्तकबाल किया। दरगाह की ओर से उन्हें प्रतीक चिह्न भी भेंट किया गया। अंजुमन कमेटी द्वारा भी सम्मान पत्र पढक़र सुनाया तथा उन्हे भेंट किया गया।

बांग्ला भाषा में लिखा संदेश

बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना ने अंजुमन की विजिट बुक में बांग्ला भाषा में अपना संदेश लिखा।
‘यह अल्लाह के वली का दरबार है। यहां आने से रूहानी फैहज मिलता है। दिल को सुकून मिलता है। यहां जो भी आता है, अपनी मुरादें पाता है। इनके दरबार में आने से अल्लाहताला हम सभी की दुआएं कबूल करता है।’
परंपरागत तरीके से गाजे-बाजे के साथ हुआ स्वागत
बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना का अजमेर पहुंचने पर हेलिपेड पर राजस्थानी परंपरा के साथ स्वागत किया गया। संभागीय आयुक्त हनुमान सहाय मीना एवं महानिरीक्षक पुलिस अजमेर रेंज मालिनी अग्रवाल ने उनकी अगवानी की। उनके स्वागत में सोहनलाल भाट एवं उनके दल ने कच्छी घोड़ी एवं कालबेलिया लोक नृत्य की पारंपरिक प्रस्तुति दी। इस प्रस्तुति से अभिभूत होकर प्रधानमंत्री शेख हसीना लोक कलाकारों को रोककर उनके बीच में गईं और फोटो खिंचवाई। फोटो के बाद उन्होंने पुन: लोक कलाओं का रसास्वादन किया।
प्रधानमंत्री शेख हसीना को जयपुर प्रस्थान के समय संभागीय आयुक्त हनुमान सहाय मीना, पुलिस महानिरीक्षक मालिनी अग्रवाल, जिला कलेक्टर गौरव गोयल एवं पुलिस अधीक्षक नितिनदीप ब्लग्गन सहित पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारियों ने भावभीनी विदाई दी।

पाकिस्तान के जायरीन लौटे

ख्वाजा के उर्स में शामिल होने आए पाकिस्तान के 402 जायरीन शनिवार को अजमेर से रवाना हो गए। ये सभी एक अप्रैल को अजमेर आए थे। रवानगी से पूर्व दरगाह कमेटी की ओर से इनकी दस्तारबंदी की गई और उनका सम्मान कर यहां से विदा किया गया।

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement