मंडी। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बरयारा में मंगलवार को सडक सुरक्षा जागरूकता को लेकर एक कार्यक्रम का आयोजन प्रधानाचार्य मीना ठाकुर की अध्यक्षता में किया गया। इस कार्यक्रम के तहत विद्यालय परिसर में विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इसमें एनएसएस के स्वयंसेवी विद्यार्थियों ने नारा लेखन, भाषण प्रतियोगिता व कविता पाठ में अपनी भागीदारी की। इस मौके पर भौतिक प्रवक्ता राजेश नंदा ने सडक़ सुरक्षा से जुड़े अहम मुद्दों को विद्यार्थियों के साथ सांझा किया। कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्य मीना ठाकुर ने विद्यार्थियों को सडक़ सुरक्षा नियम, पैदल चलने वालों के लिए जेब्रा क्रासिंग का प्रयोग आदि विषयों से अवगत करवाया तथा उन्होंने सभी को नियमों का पालन करने की सलाह दी। एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी कृष्णा ठाकुर व आईपी शिक्षिका प्रोमिला ठाकुर ने इस कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया।