khaskhabar.com: बुधवार, 04 जनवरी 2017 8:20 PM (IST)
अंबाला। हरियाणा के जन स्वास्थ्य एवं अक्षय ऊर्जा
राज्य मंत्री डा. बनवारी लाल ने आज अम्बाला शहर में जन स्वास्थ्य विभाग की
9.10 करोड रूपये की विकास परियोजनाओं का उदघाटन किया। इन परियोजनाओं में
नया गांव में 1.42 करोड रूपये के सीवरेज ट्रीटमैंट प्लांट, मोतीनगर में
2.80 करोड रूपये का सीवरेज ट्रीटमैंट प्लांट, सद्दोपुर में 90.22 लाख रूपये
का सीवरेज ट्रीटमैंट प्लांट, काकरू में 1.44 करोड रूपये का सीवरेज पम्पिंग
स्टेशन, पुरानी अनाज मंडी में 54.82 लाख रूपये का जल बुस्टिंग स्टेशन,
काकरू में 1.15 करोड रूपये का बुस्टिंग स्टेशन, सद्दोपुर में 84.70 लाख
रूपये का बुस्टिंग स्टेशन शामिल है। जनसभाओं
को सम्बोधित करते हुए डा0 बनवारी लाल ने कहा कि दो वर्ष के कार्यकाल में
हरियाणा में न केवल बिना भेदभाव के सभी 90 विधानसभा क्षेत्रों का एक समाान
विकास किया गया है बल्कि भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने के लिए ई-सेवाएं भी
उपलब्ध करवाई गई हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र में
शुद्ध और पर्याप्त पेयजल उपलब्ध करवाना सरकार की विशेष प्राथमिकता है लेकिन
लोगों को भी जल संरक्षण में सहयोग देना होगा। उन्होंने कहा कि यदि पेयजल
को यूहीं व्यर्थ बहाते रहे तो तीसरा विश्व युद्ध जल को लेकर हो सकता है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने हरियाणा एक-हरियाणवी एक की सोच
के आधार पर काम किया है। इसके अलावा ई- रजिस्टे्रशन, ई-टैंडरिंग और
मुख्यमंत्री शिकायत निवारण पटल जैसी पहल से भ्रष्टाचार पर भी अंकुश लगा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने नोटबंदी के माध्यम से जो
काला धन पकड़ा है उसे जन कल्याण कार्यक्रमों पर खर्च किया जा रहा है और
गरीब लोगों को लाभान्वित किया जा रहा है। विधायक
असीम गोयल ने इस अवसर पर कहा कि पूर्व सरकारों के कार्यकालों में अम्बाला
शहर में केवल वोट की राजनीति होती रही है और लोगों को मूल सुविधाएं उपलब्ध
करवाने की ओर कोई ध्यान नहीं दिया गया। उन्होंने कहा कि अम्बाला शहर
विधानसभा क्षेत्र में केवल नहरी पेयजल पर 160 करोड रूपये की राशि खर्च की
गई है। उन्होंने कहा कि शहर को बाढ मुक्त बनाने के लिए 50 करोड रूपये की
योजनाएं क्रियान्वित की जा रही हैं। इसके अलावा अम्बाला शहर के बस अड्डे
की पुरानी मांग को पूरा करने के लिए भी सरकार ने 240 करोड रूपये की राशि
स्वीकृत की है। उन्होंने कहा कि शहर की सभी प्रमुख सडकों को मजबूत और सुंदर
बनाया गया है तथा शीघ्र ही कूडा-कर्कट की समस्या के समाधान के लिए ठोस
कूडा प्रबंधन प्लांट का कार्य भी विशेष प्राथमिकता पर किया जायेगा।
उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं के प्रभावी समाधान के लिए प्रत्येक
सोमवार को वे अपने आवास पर शिकायतें सुनते हैं और उनका मौके पर ही समाधान
भी किया जाता है।