Amarsar: Middleman and Head Constable arrested red-handed while accepting-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 22, 2026 5:07 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

अमरसर: पुलिस परिवाद रफा-दफा करने की एवज में 40 हजार रुपये रिश्वत लेते दलाल व हेड कांस्टेबल रंगे हाथों गिरफ्तार

khaskhabar.com: मंगलवार, 01 सितम्बर 2026 6:26 PM (IST)
अमरसर: पुलिस परिवाद रफा-दफा करने की एवज में 40 हजार रुपये रिश्वत लेते दलाल व हेड कांस्टेबल रंगे हाथों गिरफ्तार
जयपुर। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) मुख्यालय के निर्देश पर एसीबी जयपुर नगर-प्रथम इकाई ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए अमरसर थाना क्षेत्र में 40,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए एक दलाल और हेड कांस्टेबल को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में अमरसर स्थित शराब ठेके का सेल्समैन (दलाल) राकेश कुमार मीणा और पुलिस थाना अमरसर (जिला जयपुर ग्रामीण) का हेड कांस्टेबल रतन लाल आर्य (नं. 520) शामिल हैं। एसीबी महानिदेशक गोविंद गुप्ता ने बताया कि ब्यूरो को परिवादी द्वारा एक लिखित शिकायत मिली थी। शिकायत में बताया गया था कि अमरसर थाने में दर्ज एक परिवाद को रफा-दफा करने और परिवादी के पक्ष में रिपोर्ट बनाने की एवज में हेड कांस्टेबल रतन लाल आर्य द्वारा 50,000 रुपये रिश्वत की मांग कर लगातार परेशान किया जा रहा था। शिकायत मिलने के बाद उप महानिरीक्षक ओमप्रकाश मीणा के सुपरविजन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र के नेतृत्व में मांग का गोपनीय सत्यापन कराया गया। सत्यापन के दौरान हेड कांस्टेबल रतन लाल आर्य द्वारा 50,000 रुपये की मांग कर 40,000 रुपये रिश्वत लेने पर सहमति देना सही पाया गया।
सत्यापन के आधार पर एसीबी टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप रचा। कार्रवाई के दौरान शराब ठेके के सेल्समैन राकेश कुमार मीणा ने हेड कांस्टेबल रतन लाल आर्य के लिए परिवादी से 40,000 रुपये की रिश्वत राशि ली, जिसे एसीबी ने मौके पर ही रंगे हाथों पकड़ लिया। इसके तुरंत बाद हेड कांस्टेबल रतन लाल आर्य को डिटेन कर पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया।
एसीबी अतिरिक्त महानिदेशक स्मिता श्रीवास्तव एवं महानिरीक्षक एस. परिमला के सुपरविजन में आरोपियों से पूछताछ और अग्रिम कानूनी कार्रवाई जारी है। मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर विस्तृत अनुसंधान किया जा रहा है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement