Administration and committee meeting held in Bharatpur regarding Ram Navami procession-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 26, 2026 8:26 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

भरतपुर में रामनवमी शोभायात्रा को लेकर प्रशासन और समिति की बैठक आयोजित

khaskhabar.com: शुक्रवार, 04 अप्रैल 2025 7:25 PM (IST)
भरतपुर में रामनवमी शोभायात्रा को लेकर प्रशासन और समिति की बैठक आयोजित
शांति और व्यवस्थाओं को लेकर दिए गए आवश्यक दिशा-निर्देश भरतपुर। आगामी 6 अप्रैल को भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव पर प्रस्तावित विशाल शोभायात्रा को शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन और श्रीराम जन्मोत्सव शोभायात्रा समिति के पदाधिकारियों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। यह बैठक जिला कलेक्टर डॉ. अमित यादव की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में हुई। बैठक में समिति के अध्यक्ष अनुराग गर्ग ने शोभायात्रा की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि इस बार लगभग एक दर्जन झांकियां निकाली जाएंगी, जिनकी ऊंचाई करीब 12 फीट तक होगी। उन्होंने बताया कि शोभायात्रा में बड़ी संख्या में युवा, महिलाएं तथा स्कूलों के विद्यार्थी भी शामिल होंगे।
व्यापार महासंघ के अध्यक्ष संजीव गुप्ता ने कहा कि इस बार शोभायात्रा और भी अधिक भव्य रहने की संभावना है। उन्होंने अपील की कि यात्रा में शामिल डीजे की ध्वनि सीमित स्तर पर रखी जाए। वहीं, विश्व हिंदू परिषद के जिला अध्यक्ष विष्णु सैनी ने कहा कि असामाजिक तत्वों पर विशेष निगरानी रखी जाए ताकि वे शोभायात्रा में शामिल न हो सकें।
जिला कलेक्टर डॉ. अमित यादव ने नगर निगम को शोभायात्रा मार्ग पर स्वच्छता सुनिश्चित करने और सार्वजनिक शौचालयों की नियमित सफाई के निर्देश दिए। साथ ही, मार्ग में पड़ने वाली दुकानों पर डस्टबिन रखने की अपील भी की गई। उन्होंने समिति को शोभायात्रा के सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं।
पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा ने कहा कि झांकियों में प्रयुक्त ट्रैक्टर पूरी तरह फिटनेस मानकों के अनुरूप होने चाहिए और उन पर क्षमता से अधिक लोग न बैठें। यातायात के सुचारू संचालन हेतु डाइवर्जन की योजना बनाई जा चुकी है। उन्होंने बताया कि शोभायात्रा मार्ग पर समिति के वॉलंटियर्स पुलिसकर्मियों के साथ तालमेल बनाकर कार्य करेंगे। सुरक्षा व्यवस्था के तहत कुछ स्थानों पर छतों पर भी पुलिस जवानों की तैनाती की जाएगी।
बैठक में एडीएम प्रशासन घनश्याम शर्मा, एडीएम सिटी राहुल सैनी, नगर निगम व जलदाय विभाग के अधिकारी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि तथा पुलिस प्रशासन के अधिकारी उपस्थित रहे।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement