ACB trap in Alwar : Police constable arrested for accepting a bribe of 10,000, head constable complicity exposed-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 26, 2026 10:35 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

अलवर में एसीबी का ट्रैप : 10 हजार की रिश्वत लेते पुलिस कांस्टेबल गिरफ्तार, हेड कांस्टेबल की मिलीभगत आई सामने

khaskhabar.com: बुधवार, 11 मार्च 2026 7:42 PM (IST)
अलवर में एसीबी का ट्रैप : 10 हजार की रिश्वत लेते पुलिस कांस्टेबल गिरफ्तार, हेड कांस्टेबल की मिलीभगत आई सामने
अलवर/जयपुर। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की दौसा चौकी ने बुधवार को एक सफल ट्रैप कार्रवाई करते हुए अलवर जिले के टहला थाने की गोला का बास पुलिस चौकी पर तैनात कांस्टेबल रामप्रकाश को 10,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। एसीबी को प्राप्त शिकायत के अनुसार, परिवादी के माता-पिता और छोटे भाई के खिलाफ पुलिस थाना टहला में एक मुकदमा दर्ज था। इस मामले में दोनों पक्षों के बीच राजीनामा हो गया था। इसी राजीनामे के दस्तावेज (पत्रावली) को केस फाइल में शामिल करने और मामले को निपटाने की एवज में पुलिसकर्मियों द्वारा रिश्वत की मांग की जा रही थी।
शिकायत के सत्यापन के बाद, एसीबी के उप महानिरीक्षक अनिल कयाल के निर्देशन और दौसा चौकी के उप अधीक्षक रविन्द्र सिंह के नेतृत्व में जाल बिछाया गया। जैसे ही परिवादी ने कांस्टेबल रामप्रकाश को रिश्वत के 10,000 रुपये थमाए, पहले से तैयार एसीबी की टीम ने उसे रंगे हाथों दबोच लिया। आरोपी के पास से रिश्वत की राशि बरामद कर ली गई है।
प्रारंभिक पूछताछ और जांच में एक चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। यह सामने आया है कि कांस्टेबल रामप्रकाश यह रिश्वत राशि अकेले नहीं ले रहा था, बल्कि वह मुकदमे के अनुसंधान अधिकारी (IO) हेड कांस्टेबल रामनारायण के साथ मिलीभगत कर रहा था। हेड कांस्टेबल की सहमति से ही राजीनामा पत्रावली पर लेने के लिए यह सौदेबाजी की जा रही थी।
एसीबी अधिकारियों के अनुसार, आरोपी कांस्टेबल से सघन पूछताछ की जा रही है। इस मामले में हेड कांस्टेबल रामनारायण की संलिप्तता की भी गहराई से जांच की जा रही है और जल्द ही उसे भी जांच के दायरे में लिया जा सकता है। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने स्पष्ट किया है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति जारी रहेगी।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement