Aam Aadmi Party releases first list of nine candidates, two sitting councillors renominated-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 20, 2026 5:38 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

आम आदमी पार्टी ने नौ उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की, दो मौजूदा पार्षदों को फिर मिला टिकट

khaskhabar.com: शुक्रवार, 13 नवम्बर 2026 6:32 PM (IST)
आम आदमी पार्टी ने नौ उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की, दो मौजूदा पार्षदों को फिर मिला टिकट
खास खबर। चंडीगढ़ आम आदमी पार्टी (आप) चंडीगढ़ ने दिसंबर में होने वाले नगर निगम चुनाव 2026 के लिए गुरुवार को नौ उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। पार्टी ने अलग-अलग वार्डों से नौ प्रत्याशियों के नामों की घोषणा की है। पार्टी की ओर से जारी आधिकारिक सूची के अनुसार शेष वार्डों के उम्मीदवारों की घोषणा भी जल्द की जाएगी।
उम्मीदवारों के चयन को लेकर पार्टी प्रभारी जरनैल सिंह, प्रदेश अध्यक्ष विजय पाल सिंह और वरिष्ठ पार्षद हरदीप सिंह सहित अन्य नेताओं के बीच मंथन हुआ। पहली सूची में दो मौजूदा पार्षदों अंजू कात्याल और पूर्व मेयर कुलदीप कुमार को फिर से चुनाव मैदान में उतारा गया है। वार्ड नंबर 22 से अंजू कात्याल को उम्मीदवार बनाया गया है, जबकि उनके वर्तमान वार्ड महिला रिजर्व होने की वजह से पूर्व मेयर कुलदीप कुमार की सीट बदल दी गई है। उन्हें वार्ड नंबर 24 से टिकट दिया गया है। वह अटावा क्षेत्र से कांग्रेस के संभावित उम्मीदवार जसबीर सिंह बंटी को चुनौती दे सकते हैं।
पार्षदों की पत्नी और भाभी को भी टिकटः
इस बार पार्टी ने मौजूदा पार्षदों के परिवार के सदस्यों को भी चुनाव मैदान में उतारा है। कई वार्ड महिलाओं के लिए आरक्षित होने के चलते पार्षदों ने अपने परिवार की महिला सदस्यों की दावेदारी आगे बढ़ाई है। पार्टी के पार्षद हरदीप सिंह की भाभी और पूर्व पार्षद स्वर्गीय मलकीयत सिंह की पत्नी सतनाम कौर को वार्ड नंबर 30 (बुटेरला) से उम्मीदवार बनाया गया है। इसी तरह वार्ड नंबर 21 से मौजूदा पार्षद जसबीर सिंह लाडी की पत्नी गुरप्रीत कौर लाडी को टिकट दिया गया है। वार्ड नंबर 25 से राधिका ढींगरा को उम्मीदवार बनाया गया है। उनके पति योगेश ढींगरा मौजूदा निगम पार्षद हैं।
कई नए चेहरों को भी मौकाः
पार्टी ने वार्ड नंबर 1 से दिलदार सिंह को उम्मीदवार बनाया है। वहीं, पार्टी सचिव ओंकार सिंह औलख (सन्नी) को वार्ड नंबर 23 से टिकट दिया गया है। सेक्टर-34, 35 और 43 का क्षेत्र इस वार्ड में आता है। उनका मुकाबला कांग्रेस की मौजूदा पार्षद प्रेम लता और अकाली दल-भाजपा के संभावित गठबंधन के उम्मीदवार से हो सकता है।
नगर निगम में सुपरिंटेंडेंट के पद से वीआरएस लेने वाले अजीत सिंह जींद को वार्ड नंबर 27 से चुनाव मैदान में उतारा गया है। वार्ड नंबर 32 से एडवोकेट अरुण प्रभा खुर्चा को उम्मीदवार घोषित किया गया है। पार्टी की ओर से आने वाले दिनों में अन्य वार्डों के उम्मीदवारों की सूची भी जारी की जाएगी। आप की पहली सूची जारी होने के बाद कांग्रेस और भाजपा पर भी अपने उम्मीदवार घोषित करने का दबाव बढ़ गया है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement