A horrific road accident in Rudraprayag: A Bolero car plunges into a 500-meter-deep gorge, killing four and injuring six.-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 20, 2026 5:38 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

रुद्रप्रयाग में भीषण सड़क हादसा: 500 मीटर गहरी खाई में गिरी बोलेरो, चार की मौत, छह घायल

khaskhabar.com: मंगलवार, 17 नवम्बर 2026 10:14 AM (IST)
रुद्रप्रयाग में भीषण सड़क हादसा: 500 मीटर गहरी खाई में गिरी बोलेरो, चार की मौत, छह घायल
रुद्रप्रयाग । उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। अगस्त्यमुनि ब्लॉक की क्यूंजा घाटी में कंडारा मोटर मार्ग पर शादी समारोह से लौट रही बोलेरो अनियंत्रित होकर करीब 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई जबकि छह लोग घायल हो गए। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, डीडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं और देर रात तक रेस्क्यू अभियान चलाया गया। जानकारी के अनुसार, बोलेरो में कुल दस लोग सवार थे। सभी लोग पोखरी में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने के बाद अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान कंडारा के पास चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और बोलेरो गहरी खाई में जा गिरी। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और बचाव दल सक्रिय हो गए। दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र, घना अंधेरा और खड़ी चट्टानों के कारण राहत एवं बचाव अभियान में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद बचाव दलों ने देर रात तक अभियान चलाकर सभी दस लोगों को खाई से बाहर निकाल लिया। घायलों को स्ट्रेचर की मदद से सड़क तक पहुंचाया गया, जिसके बाद उन्हें अस्पताल भेजा गया।
हादसे में रांसी गांव निवासी 60 वर्षीय कुंवर सिंह और 40 वर्षीय मदन सिंह, दैड़ा गांव निवासी 42 वर्षीय सूरज सिंह तथा गैड़ बस्ती निवासी 70 वर्षीय बलवीर सिंह की मौत हो गई। वहीं, घायलों में रांसी गांव के 52 वर्षीय उमेश सिंह राणा, 56 वर्षीय राजेंद्र सिंह और 25 वर्षीय लविश राणा शामिल हैं। इसके अलावा कांता गांव की आठ वर्षीय वंशिका और 34 वर्षीय पूजा देवी तथा चिल्लोंड गांव की 33 वर्षीय उर्मिला देवी घायल हुई हैं। घायलों में चार की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए श्रीनगर बेस अस्पताल रेफर किया गया, जबकि दो लोगों को मामूली चोटें आई हैं। घायलों के परिजन अस्पताल पहुंच गए हैं।
रेस्क्यू अभियान में पुलिस, डीडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमों के साथ स्थानीय लोगों ने भी महत्वपूर्ण सहयोग दिया। घटना की जानकारी मिलने पर जिला पंचायत सदस्य अजयवीर भंडारी, पूर्व विधायक मनोज रावत, पूर्व जिला पंचायत सदस्य विनोद राणा, प्रधान संगठन के अध्यक्ष मनोज वैष्णव, यूकेडी नेता आशुतोष भंडारी और सामाजिक कार्यकर्ता कुलदीप रावत व शिव सिंह रावत भी मौके पर पहुंचे।
--आईएएनएस

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement