A grand Hindu conference was held in Lalsot, featuring a magnificent procession with 1500 sacred pots-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 26, 2026 7:18 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

लालसोट में विराट हिंदू सम्मेलन, 1500 कलशों के साथ भव्य कलश यात्रा, गौ माता के संरक्षण से ही राष्ट्र सुरक्षित

khaskhabar.com: सोमवार, 02 फ़रवरी 2026 6:23 PM (IST)
लालसोट में विराट हिंदू सम्मेलन, 1500 कलशों के साथ भव्य कलश यात्रा, गौ माता के संरक्षण से ही राष्ट्र सुरक्षित
लालसोट । उपखंड मुख्यालय स्थित शिवाजी बस्ती में विराट हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस अवसर पर शेड्यूलाई ढाणी से 1500 कलशों के साथ भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जो मंडी प्रांगण पहुंचकर संपन्न हुई। कलश यात्रा में डीजे की धुनों पर महापुरुषों की जीवंत झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। शोभायात्रा का नगर में जगह-जगह पुष्प वर्षा कर नागरिकों ने स्वागत किया। यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। अनाज मंडी प्रांगण में आयोजित सम्मेलन को संबोधित करते हुए क्षेत्रीय घुमंतू कार्य प्रमुख महावीर शर्मा ने कहा कि हिंदू समाज को धर्मानुसार आचरण करते हुए जीवन में पंच यज्ञों के महत्व को अपनाना चाहिए। उन्होंने प्रत्येक परिवार में गौ पालन पर जोर देते हुए कहा कि गौ माता के संरक्षण से ही राष्ट्र सुरक्षित रह सकता है। साथ ही संयुक्त परिवार संस्कृति को बढ़ावा देने और बालिकाओं का विवाह समय पर करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि समाज के संगठित होने से ही सनातन धर्म सुरक्षित रहेगा और राष्ट्र मजबूत बनेगा। सम्मेलन में वैष्णवदास महाराज ने भी गौ संरक्षण और सामाजिक एकजुटता पर बल दिया। पंच परिवर्तन के अंतर्गत सामाजिक समरसता पर ज्योति शर्मा, कुटुंब प्रबोधन पर पार्षद कृष्णा पुरोहित, पर्यावरण विषय पर ममता मीणा, स्वदेशी के महत्व पर सीमा शर्मा तथा नागरिक शिष्टाचार पर रेखा सैनी ने विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति से प्रेरित रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं तथा योग प्रशिक्षक द्वारा व्यायाम प्रदर्शन भी किया गया। सम्मेलन में मुकेश मीणा कांकरिया, डॉ. मनीष शर्मा, रेणु देवी सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं श्रद्धालु उपस्थित थे।
मां शारदे माध्यमिक विद्या मंदिर में वार्षिकोत्सव एवं विदाई समारोह संपन्न
लालसोट। टोडा धामा गोल्यां बगीची पर मां शारदे माध्यमिक विद्या मंदिर में वार्षिकोत्सव एवं विदाई समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि विधायक रामविलास मीणा, दौसा लोकसभा प्रत्याशी कन्हैया लाल मीणा तथा स्कूल शिक्षा परिवार के प्रदेश अध्यक्ष अनिल शर्मा द्वारा मां शारदे के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता खेमावास सरपंच व प्रशासक हेमराज मीना तथा संस्था निदेशक रेवड़मल सैनी ने की।
समारोह को संबोधित करते हुए विधायक रामविलास मीणा ने बालिका शिक्षा पर विशेष जोर देते हुए कहा कि शिक्षित बालिकाएं ही सशक्त समाज की नींव रखती हैं। कन्हैया लाल मीणा ने विद्यार्थियों को समय के सदुपयोग की सीख देते हुए मोबाइल से दूरी बनाए रखने का आह्वान किया।कार्यक्रम में संस्था संरक्षक रेवड़मल सैनी एवं संस्था प्रधान एस.पी. सैनी ने विद्यालय का वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। अतिथियों का स्वागत चंद्रप्रकाश सैनी, नीरज जोशी एवं दिलखुश गौतम द्वारा माल्यार्पण एवं साफा पहनाकर किया गया।
समारोह में शंभुलाल कुईवाला, सतपाल मीना, अनिल बुर्जा, छात्र प्रतिनिधि वीर जोशी, रूपसिंह बैंपलावत, सैनी माली चौरासी महासभा अध्यक्ष, सभापति डॉ. रामनारायण सैनी, रामप्रकाश माली खटवा सरपंच, किशन डोई सहित अनेक गणमान्यजन एवं ग्रामवासी उपस्थित थे।
स्काउट शिक्षक श्रीकांत शर्मा सहित दो रोवर राष्ट्रीय स्तर पर होंगे सम्मानित
लालसोट । पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए भारत स्काउट गाइड के यूथ लीड एक्शन ऑन क्लाइमेट प्रोजेक्ट के अंतर्गत चयनित प्रतिभागियों को मध्यप्रदेश के पचमढ़ी में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय एडवेंचर कार्यक्रम में सम्मानित किया जाएगा।महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय खोहरापाड़ा, लालसोट के स्काउट शिक्षक श्रीकांत शर्मा तथा लालसोट के रोवर हर्ष शर्मा और नितिन टाटा को युवा आधारित क्लाइमेट चेंज पर विशेष कार्य करने के लिए राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान प्रदान किया जाएगा। भारत स्काउट गाइड की राष्ट्रीय डायरेक्टर दर्शना पावस्कर द्वारा जारी सूची में देशभर से कुल 46 प्रतिभागियों का चयन किया गया है, जिन्हें पचमढ़ी में सम्मानित किया जाएगा।श्रीकांत शर्मा ने बताया कि 1 अप्रैल से 31 दिसंबर तक उन्होंने 5 हजार से अधिक स्काउट-गाइड को जलवायु परिवर्तन के प्रति जागरूक किया। विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास का संदेश दिया गया।इस उपलब्धि पर मुख्य जिला आयुक्त इंदिरा गुप्ता, लालसोट सीबीईओ सत्यनारायण मीना, प्रधानाचार्य चेतना बंशीवाल तथा सीओ स्काउट प्रदीप सिंह ने प्रसन्नता व्यक्त की।
हिंदुत्व विश्वबंधुत्व की आधारशिला, हिन्दू समाज की एकता से विश्व को मिलेगा मार्गदर्शन: भगवान सहाय
लालसोट। पट्टीकिशोरपुरा मंडल का विराट हिन्दू सम्मेलन गांव महाराजपुरा में संपन्न हुआ। सम्मेलन से पूर्व धर्मप्रेमियों एवं मातृशक्ति द्वारा राधाकृष्णन मंदिर पट्टीकिशोरपुरा से कलश यात्रा सुबह 11:15 बजे प्रारंभ होकर महाराजपुरा बालाजी पहुंची।
सम्मेलन में जिला संघचालक भगवान सहाय ने कहा कि हिंदुत्व ही विश्वबंधुत्व की आधारशिला रखेगा। जब हिन्दू समाज एक होगा, तब वह विश्व को भी एकता और समरसता का मार्ग दिखाएगा। उन्होंने पंच परिवर्तन के विषयों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए वर्तमान समय में उनकी प्रासंगिकता बताई।
मातृशक्ति सत्र में जिला घुमंतु प्रमुख भावना शर्मा ने कुटुंब प्रबोधन विषय पर विचार रखे। उन्होंने परिवार को जोड़कर रखने, सामाजिक मूल्यों के संरक्षण और संस्कारों के संवर्धन पर जोर दिया। उनके उद्बोधन से उपस्थित मातृशक्ति में उत्साह का संचार हुआ।
सम्मेलन में गांवों से आई मातृशक्ति एवं धर्मप्रेमियों ने पंच परिवर्तन विषयों की सराहना करते हुए स्वीकार किया कि समाज में इन मूल्यों की कमी महसूस की जा रही है। इन्हें पुनः स्थापित करने के लिए ऐसे आयोजनों को आवश्यक बताया गया तथा भविष्य में भी इस प्रकार के कार्यक्रम होते रहने की इच्छा व्यक्त की गई।
कार्यक्रम में संत चरणदास महाराज, खंड संघचालक भगवान पट्या, सम्मेलन अध्यक्ष लटूरमल, खंड व्यवस्था प्रमुख विनोद, खंड समरसता प्रमुख कैलाश शिवाजी, खंड संपर्क प्रमुख हेमराज डिवाचली सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ता एवं समस्त ग्रामवासी उपस्थित थे।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement