khaskhabar.com: शुक्रवार, 19 अगस्त 2016 1:55 PM (IST)
भोपाल। मध्यप्रदेश के विंध्य और बुंदेलखंड में जारी बारिश ने बाढ़ के हालात बना दिए हैं। बाढ़ से कई गांव जलमग्न हैं, नदी एवं नाले उफान पर है। जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। सतना जिले में तो बाढ़ से घिरे मगराज गांव के छह लोग जान बचाने के लिए पेड़ पर चढ़े हुए हैं। इन्हें सुरक्षित निकालने के लिए हेलीकॉप्टर बुलाया गया है।
विंध्य क्षेत्र के रीवा, सतना और बुंदेलखंड के छतरपुर, पन्ना, दमोह और टीकमगढ़ में बारिश का दौर जारी है। रीवा जिले में लगातार बारिश से नदियों का जलस्तर बढ़ गया है, जिससे कई मार्गों पर आवागमन बाधित हो रहा है। वहीं बांधों का पानी टमस नदी में छोड़े जाने से नदी का जलस्तर काफी बढ़ गया है और नदी किनारे बसे गांव के डूबने का खतरा मंडराने लगा है।