इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर और धार जिले के औद्योगिक क्षेत्र पीथमपुर से मंगलवार को 236 किलोग्राम ड्रग (एफेड्रीन) बरामद की गई। इस संबंध में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। अंतर्राष्ट्रीय बाजार में इस ड्रग की कीमत 48 करोड़ रुपये बताई गई है। यह बड़ी कार्रवाई डायरेक्टोरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलीजेंस (डीआरआई) इंदौर के दल ने की है। डीआरआई सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार को धार जिले के औद्योगिक क्षेत्र पीथमपुर में एक बंद पड़ी फैक्ट्री में निजी लैब चलाई जा रही थी। यहां दबिश में 200 किलो ग्राम एफेड्रीन बरामद की गई। इसके अलावा इंदौर के राउ क्षेत्र में स्थित सिलीकॉन सिटी में दबिश में 36 किलोग्राम एफेड्रीन मिली। इस मामले में तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है। आशंका जताई जा रही है कि ड्रग की इतनी बड़ी खेप उज्जैन में चल रहे सिंहस्थ कुंभ में खपाने के लिए लाई गई थी।