45 thousand people will yoga together at state level function-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 22, 2026 5:13 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

राज्यस्तरीय समारोह में 45 हजार लोग एक साथ करेंगे योगाभ्यास

khaskhabar.com: शुक्रवार, 09 जून 2017 6:14 PM (IST)
राज्यस्तरीय समारोह में 45 हजार लोग एक साथ करेंगे योगाभ्यास
जयपुर। प्रदेश में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर 21 जून को एसएमएस स्टेडियम में आयोजित राज्यस्तरीय योगाभ्यास कार्यक्रम में करीब 45 हजार व्यक्ति एकसाथ योगाभ्यास करेंगे। चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं आयुर्वेद मंत्री कालीचरण सराफ ने शुक्रवार को स्वास्थ्य भवन में आयोजित समीक्षा बैठक में यह जानकारी दी। उन्होंने योगाभ्यास कार्यक्रम में सामाजिक एवं स्वयंसेवी संगठनों सहित विभिन्न शिक्षण संस्थाओं की सहभागिता, परिवहन, पार्किंग एवं प्रचार-प्रसार इत्यादि व्यवस्थाओं की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने जिला, ब्लॉक एवं ग्राम पंचायत स्तरीय योगाभ्यास कार्यक्रमों में भी अधिक से अधिक जनसहभागिता पर बल दिया। सराफ ने कहा कि समाज के विभिन्न वर्गों में योग के प्रति सकारात्मक एवं उत्साहजनक माहौल है। उन्होंने कहा कि योग के माध्यम से बिना किसी खर्चे के पूर्ण स्वास्थ्य को प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने आमजन से परिवार को स्वस्थ रखने के लिए तीनों पीढिय़ों सहित परिवारों को योगाभ्यास कार्यक्रम में भाग लेने का आह्वान किया। प्रमुख शासन सचिव आयुर्वेद डॉ. आर. वेंकटेश्वरन ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर आयोजित कार्यक्रमों की तैयारियों के बारे में जानकारी दी। आयुर्वेद विभाग के डॉ. श्रीराम तिवाड़ी ने प्रजेंटेशन के माध्यम से योग प्रोटोकॉल एवं योग के महत्व पर प्रकाश डाला। क्रीड़ा भारती के मेघसिंह ने योग को भारतीय सभ्यता और संस्कृति का मुख्य अंग बताते हुए अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर व्यापक जनसहभागिता पर बल दिया। विद्या भारती के अरुण पारीक ने बताया कि योगाभ्यास में भारी संख्या में विद्यार्थी भी शामिल होंगे।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कृष्ण कुमार अडाणिया ने संघ के 5 हजार कार्यकर्ताओं के योगाभ्यास में शामिल होने का आश्वासन दिया। बोर्ड ऑफ इंडियन मेडिसन के रजिस्ट्रार डॉ. रामावतार शर्मा ने अवगत कराया कि 2 हजार पंजीकृत चिकित्सक इसमें शामिल होंगे। पंतजलि योग समिति के प्रांतीय संयोजक कुलभूषण बैराठी, योगास्थली की डॉ. हेमलता शर्मा, गायत्री परिवार के डॉ. प्रशांत भारद्वाज ने भी स्वयंसेवक सुलभ कराने का आश्वासन दिया।
जयपुर व्यापार मंडल के अध्यक्ष सुभाष गोयल ने व्यापक प्रचार-प्रसार करने, राष्ट्रीय सिख संगत के प्रदेश महासचिव हरभजन सिंह, राष्ट्रीय मुस्लिम मंच के मुनव्वर चौधरी ने अधिकाधिक लोगों की भागीदारी कराने की बात कही। आरोग्य भारती के वैद्य केदारनाथ शर्मा, योगाचार्य ढाकाराम चौधरी ने भी विचार रखे। बैठक में सेवा भारती के अनिल शुक्ला, नेशनल मेडिकोज ऑर्गेनाइजेशन डॉ. विजय दया, अग्रवाल समाज के पवन गोयल, अधिवक्ता परिषद के बंसत छाबा, विप्र फाउंडेशन के केदार शर्मा, विभिन्न बाजारों के व्यापार मंडल तथा अन्य सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि भी मौजूद थे।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement