नई दिल्ली। हार्ट फेल्योर स्वास्थ्य के लिए एक गंभीर खतरा हो सकता है,
लेकिन यह हार्ट अटैक से ज्यादा खतरनाक नहीं है। ऐसा स्वास्थ्य विशेषज्ञों
का कहना है। बीएलके सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल, नई दिल्ली के कार्डियोलॉजी
विभाग के अध्यक्ष सुभाष चंद्रा ने कहा, ‘‘हार्ट फेल्योर शरीर तक हृदय
द्वारा रक्त संचरण में असमर्थता को दर्शाता है। इससे रक्त का प्रवाह
सामान्य से कम हो जाता है, जिससे शरीर के जरूरी अंगों जैसे किडनी, लिवर और
मस्तिष्क के कार्य पर असर पड़ता है।’’
जानकारों का कहना है कि हार्ट
फेल्योर और हार्ट अटैक एक जैसा नहीं है और लोगों को दोनों के बीच अंतर
समझना जरूरी है। इंटरवेंशनल कार्डियोलॉजिस्ट मुंबई के नानावती सुपर
स्पेशियलिटी अस्पताल में कार्यरत सलील शिरोडकर ने कहा, ‘‘हार्ट फेल्योर वह
स्थिति है, जिसमें हृदय की रक्त को पंप करने की क्षमता कम हो जाती है।
हार्ट अटैक दूसरी अवस्था है। इसमें कोरोनरी धमनी में रक्त प्रवाह अवरुद्ध
हो जाता है। हृदय के मांसपेशियों को रक्त की आपूर्ति बंद हो जाती है या
बुरी तरह कम हो जाती है।’’