नई दिल्ली। अमेरिकी अभिनेत्री और राजनीतिक कार्यकर्ता एशली जड ने अपनी भारत
यात्रा के दौरान खुलासा किया है कि उन्हें भी एक से ज्यादा बार यौन शोषण
का सामना करना पडा है, और वह भी सात साल की मासूम उम्र से ही।
समाचार एजेंसी एएआई के मुताबिक नई दिल्ली में आयोजित वर्ल्ड कांग्रेस
अगेन्स्ट सेक्सुअल एक्सप्लॉयटेशन ऑफ वीमेन एंड गर्ल्स को संबोधित करते हुए
डबल जियोपार्डी तथा अ टाइम टु किल फिल्मों की अभिनेत्री 48-वर्षीय एशली जड
ने बताया कि उन्हें यौन हिंसा का भी सामना करना पडा, सात साल की उम्र में
ही उनका यौन शोषण किया गया, 14 साल की उम्र में उनके साथ बलात्कार हुआ, और
फिर वर्ष 1998 में भी उनका रेप किया गया।
एएनआई के अनुसार वर्ल्ड कांग्रेस के दौरान एशली जड ने लिंगभेद के बारे में
भी बात की और आरोप लगाया कि महिला एक्टर होने की वजह से वह पुरूष एक्टरों
की तुलना में लगभग 40 फीसदी कम रकम कमा पाती हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति
डोनाल्ड ट्रंप की नीतियों का खुलेआम विरोध करने वाली हस्तियों में शुमार
एशली जड ने कहा कि उनके देश (अमेरिका) में लिंगभेद मौजूद है।
कंट्री म्यूजिक स्टार नाओमी जड की पुत्री एशली ने इससे पहले यह खुलासा भी
किया था कि हॉलीवुड के एक स्टूडियो के एक अधिकारी ने उनका यौन उत्पी़डन
किया था।