Encounter between police and criminals in Mathura, one criminal arrested-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 29, 2026 4:25 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

मथुरा में पुलिस और बदमाश में मुठभेड़, एक शातिर गिरफ्तार

khaskhabar.com: गुरुवार, 26 फ़रवरी 2026 1:28 PM (IST)
मथुरा में पुलिस और बदमाश में मुठभेड़, एक शातिर गिरफ्तार
मथुरा । उत्तर प्रदेश के मथुरा में बुधवार देर रात अडूकी गांव के पास पुलिस और बदमाश में मुठभेड़ हो गई, जिसमें पुलिस ने एक बदमाश को गिरफ्तार किया है। सीओ अनिल कपरवान ने बताया कि अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना हाईवे पुलिस और रिवार्डी टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। बुधवार देर रात अडूकी गांव के पास पुलिस और एक शातिर चोर के बीच मुठभेड़ हो गई। जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लगने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। घायल आरोपी को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया कि 16 फरवरी की रात भगवती नगर (चन्द्रपुरी) क्षेत्र में एक मकान में चोरी की घटना हुई थी। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर राजवीर (32), निवासी पीपला, राजस्थान, का नाम प्रकाश में आया। वह लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से बाहर चल रहा था।
बुधवार रात करीब 10:05 बजे पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी मोटरसाइकिल से अडूकी रोड की ओर किसी वारदात को अंजाम देने जा रहा है। सूचना मिलते ही थाना हाईवे पुलिस और रिवार्डी टीम ने रेलवे लाइन के पास घेराबंदी कर सघन चेकिंग शुरू कर दी।
कुछ देर बाद संदिग्ध युवक मोटरसाइकिल से आता दिखाई दिया। पुलिस द्वारा रोकने का इशारा करने पर उसने भागने का प्रयास किया और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने नियंत्रित जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक गोली आरोपी के बाएं पैर में लगी, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी के पास से पुलिस ने चोरी का सामान बरामद किया है। इसके अलावा एक .315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद की गई।
पुलिस जांच में सामने आया है कि राजवीर एक शातिर अपराधी है, जिसके खिलाफ थाना हाईवे, कोतवाली, सदर बाजार और जैत में चोरी, धोखाधड़ी और आर्म्स एक्ट के कई मामले दर्ज हैं। पुलिस उसके अन्य साथियों और आपराधिक नेटवर्क की भी जांच कर रही है। संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
--आईएएनएस

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement