SI Recruitment Exam in Jammu & Kashmir on November 29; JKSSB Issues Guidelines for Candidates-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 29, 2026 2:23 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

जम्मू-कश्मीर में एसआई भर्ती परीक्षा 29 नवंबर को, जेकेएसएसबी ने अभ्यर्थियों के लिए जारी की गाइडलाइन

khaskhabar.com: शनिवार, 28 नवम्बर 2026 5:00 PM (IST)
जम्मू-कश्मीर में एसआई भर्ती परीक्षा 29 नवंबर को, जेकेएसएसबी ने अभ्यर्थियों के लिए जारी की गाइडलाइन
श्रीनगर । जम्मू-कश्मीर सेवा चयन बोर्ड (जेकेएसएसबी) की ओर से रविवार को सब-इंस्पेक्टर (गृह विभाग) के पदों पर भर्ती के लिए आयोजित की जाने वाली ओएमआर-आधारित लिखित परीक्षा में शामिल होने वाले उम्मीदवारों के लिए एक महत्वपूर्ण खबर सामने आई है। जेकेएसएसबी ने उम्मीदवारों को सलाह दी है कि उन्हें परीक्षा केंद्र पर गेट बंद होने के निर्धारित समय से कम से कम दो घंटे पहले पहुंचना होगा ताकि बायोमेट्रिक फिंगरप्रिंट ऑथेंटिकेशन, चेहरा पहचानने (फेस कैप्चर रिकग्निशन), सुरक्षा जांच/तलाशी और अन्य आवश्यक पहचान प्रक्रियाएं पूरी की जा सकें। बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन के बाद उम्मीदवारों को एडमिट कार्ड पर बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन होलोग्राम लगवाना अनिवार्य है। इसके बिना परीक्षा हॉल में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। परीक्षा परिसर के भीतर किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक, संचार, स्टोरेज, रिकॉर्डिंग या कंप्यूटिंग उपकरण जैसे- मोबाइल फोन, स्मार्ट/डिजिटल घड़ी, ब्लूटूथ डिवाइस, ईयरफोन, माइक्रोफोन, कैमरा, पेजर, कैलकुलेटर, पेन ड्राइव, इलेक्ट्रॉनिक पेन/स्कैनर आदि को अपने पास रखना सख्त मना है। इसके अलावा कोई भी मुद्रित या हस्तलिखित सामग्री, नोट्स, कागज के टुकड़े, किताबें, गैर अनुमति प्राप्त लिखने का सामान, वॉलेट, हैंडबैग, आभूषण, खाने-पीने की चीजें या ऐसी कोई भी वस्तु, जिसका उपयोग अनुचित साधनों के लिए किया जा सकता हो, अपने पास रखना पूरी तरह प्रतिबंधित है।
यदि कोई उम्मीदवार ऐसी प्रतिबंधित वस्तु अपने पास रखता है, चाहे उसका उपयोग किया गया हो या नहीं, तो इसे अनुचित साधनों (यूएफएम) का उपयोग माना जाएगा। इसके परिणामस्वरूप उम्मीदवार की उम्मीदवारी रद्द कर दी जाएगी और लागू नियमों/कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। हालांकि, धार्मिक महत्त्व की वास्तविक वस्तुओं/प्रतीकों पर यह प्रतिबंध लागू नहीं होगा लेकिन परीक्षा केंद्र पर इनकी भी सुरक्षा जांच और तलाशी ली जाएगी।
जेकेएसएसबी ने साफ किया कि कुछ मामलों में उम्मीदवार को अयोग्य घोषित किया जा सकता है या परीक्षा से प्रतिबंधित किया जा सकता है, जिनमें किसी दूसरे उम्मीदवार की जगह परीक्षा देना या ऐसा करने का प्रयास करना; परीक्षा के दौरान किसी से मदद लेना या देना या किसी भी तरह की बातचीत करना; कोई भी प्रतिबंधित वस्तु अपने पास रखना या उसका उपयोग करना; प्रश्न-पत्र/सामग्री का आदान-प्रदान करना, अपनी निर्धारित सीट बदलना या बिना अनुमति के परीक्षा हॉल से बाहर जाना; इनविजिलेटर (निरीक्षक) के वैध निर्देशों का पालन न करना या परीक्षा में किसी भी तरह की अनुचित गतिविधि में शामिल होना शामिल है।
इसके अतिरिक्त, परीक्षा केंद्र के अंदर मोटे तलवे वाले जूते, बड़े धातु के बटन वाले कपड़े या छिपी हुई जेब वाले कपड़े पहनकर जाना मना है। यदि एडमिट कार्ड पर दी गई फोटो उम्मीदवार से मेल नहीं खाती है, तो तुरंत जम्मू और कश्मीर सेवा चयन बोर्ड (केंद्रीय कार्यालय, जम्मू/श्रीनगर) से व्यक्तिगत रूप से संपर्क करें या ईमेल करें। परीक्षा के दिन परीक्षा केंद्र पर इस संबंध में कोई अनुरोध स्वीकार नहीं किया जाएगा। उम्मीदवार ध्यान दें कि गेट बंद होने के निर्धारित समय के बाद किसी भी उम्मीदवार को परीक्षा केंद्र में प्रवेश करने की अनुमति नहीं दी जाएगी और परीक्षा समाप्त होने से पहले किसी भी उम्मीदवार को परीक्षा कक्ष/हॉल से बाहर जाने की अनुमति नहीं होगी।
उम्मीदवार परीक्षा केंद्र पर अपने साथ कोई भी निजी सामान नहीं ला सकते, सिवाय उन चीजों के, जिनकी अनुमति एडमिट कार्ड के निर्देशों में स्पष्ट रूप से दी गई है। केंद्र पर उम्मीदवारों को निजी सामान को सुरक्षित रखने की कोई सुविधा नहीं दी जाएगी और किसी भी तरह के नुकसान के लिए परीक्षा प्राधिकरण जिम्मेदार नहीं होगा। फोटो/वीडियो लिए जाते समय प्रत्येक उम्मीदवार को अपना एडमिट कार्ड इस तरह पकड़ना होगा कि वह साफ तौर पर दिखाई दे।
यह परीक्षा कड़ी सीसीटीवी निगरानी में आयोजित की जा रही है। इसके अलावा, सुरक्षा को और मजबूत करने के लिए सिग्नल जैमर, बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन और फेशियल रिकग्निशन सिस्टम का इस्तेमाल किया जाएगा। तलाशी/बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन के तुरंत बाद और परीक्षा हॉल में प्रवेश करने से पहले सभी उम्मीदवारों की फोटो ली जाएगी और/या वीडियोग्राफी की जाएगी। यदि कोई उम्मीदवार गलत व्यवहार करता है, सहयोग करने से मना करता है, अपनी पहचान छिपाने की कोशिश करता है या परीक्षा प्रक्रिया में बाधा डालता है, तो उसे अयोग्य घोषित किया जा सकता है और भविष्य की परीक्षाओं से प्रतिबंधित किया जा सकता है। इसके अलावा, उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी की जा सकती है।
किसी भी उम्मीदवार को वैध एडमिट कार्ड (जिसके साथ घोषणा-पत्र हो), वैध पहचान पत्र (आईडी प्रूफ) और उचित तलाशी के बिना परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा। हैंडहेल्ड मेटल डिटेक्टर (एचएचएमडी) के जरिए उम्मीदवारों की तलाशी ली जाएगी। उम्मीदवारों को एडमिट कार्ड और उसके साथ दिए गए निर्देशों को डाउनलोड करना होगा, उन्हें ध्यान से पढ़ना होगा और उनका सख्ती से पालन करना होगा।
परीक्षा केंद्र पर उम्मीदवारों को प्रवेश पत्र के साथ दो हालिया रंगीन तस्वीरें, जिन पर नाम और तारीख लिखी हो, साथ लानी होंगी। उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि किसी भी तरह की परेशानी से बचने के लिए वे एक दिन पहले ही परीक्षा केंद्र का स्थान देख लें। उम्मीदवारों को परीक्षा केंद्र में केवल पारदर्शी पानी की बोतल, अपना हैंड सैनिटाइज़र (50 एमएल तक) और एक साधारण काला/नीला बॉल पेन लाने की अनुमति होगी।
--आईएएनएस

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement