The Kerala Story has a great opening, the audiences attitude is positive, can be a blockbuster-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 29, 2026 1:26 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

द केरला स्टोरी की शानदार ओपनिंग, दर्शकों का रुख सकारात्मक, हो सकती है ब्लॉकबस्टर

khaskhabar.com: शनिवार, 06 मई 2023 1:02 PM (IST)
राजनीति के अखाड़े में विवादों से घिरी और सुप्रीम कोर्ट तक पहुँची फिल्म द केरला स्टोरी ने प्रदर्शन के पहले बॉक्स ऑफिस पर सीमित सिनेमाघरों और शोज के चलते जो कामयाबी हासिल की है, वह इस बात का संकेत दे रही है कि आने वाले दिनों में द केरला स्टोरी बॉक्स ऑफिस पर कमाल करेगी। सिर्फ 28 करोड़ के बजट में बनी इस फिल्म ने पहले दिन बॉक्स ऑफिस पर 7.5 करोड़ का कारोबार करने में सफलता प्राप्त कर ली है। इसकी शुरूआत को देखते हुए सिनेमा प्रबन्धकों को उम्मीद है कि यह फिल्म ब्लॉकबस्टर हो जाएगी। इन आंकड़ों के साथ यह वर्ष 2023 की हिन्दी बॉक्स ऑफिस पर पांचवीं बड़ी ओपनर फिल्म भी बन गई है। अपने पहले दिन के प्रदर्शन के आधार पर इसने अक्षय कुमार की सेल्फी और कार्तिक आर्यन की शहजाद को पीछे छोड़ दिया है। वर्ष के चार माह बीत चुके हैं और पांचवें माह की शुरूआत हो चुकी है। बॉक्स ऑफिस पर अब तक सिर्फ 5 ही ऐसी फिल्में आई हैं जिन्होंने पहले दिन अच्छी शुरूआत की है। इनमें शाहरुख खान की पठान आने वाले कुछ वर्षों के लिए मील का पत्थर बनी है जिसने पहले दिन 57 करोड़ का कारोबार किया था। इसके बाद सलमान खान की ईद पर प्रदर्शित हुई फिल्म किसी का भाई किसी की जान है जिसने पहले दिन 15.81 करोड़ का कारोबार किया, हालांकि यह सलमान के ईद के नाम पर कम रहा है। रणबीर कपूर की फिल्म तू झूठी मैं मक्कार 15.73 करोड़ के साथ इस साल की तीसरी सबसे बड़ी ओपनिंग वाली फिल्म है। वहीं अजय देवगन की भोला 11.20 करोड़ के साथ चौथे नंबर पर है। अब 7.5 करोड़ के साथ द केरला स्टोरी भी इस लिस्ट में पांचवे नंबर पर आ गई है। द केरला स्टोरी ने सुबह और दोपहर के शोज तक बॉक्स ऑफिस पर 3.5 करोड़ का कारोबार करने में सफलता प्राप्त कर ली थी। दर्शकों के फुटफॉल को देखते हुए सिनेमाघरों को शाम और रात के शोज में वृद्धि करनी पड़ी जिसकी बदौलत इस फिल्म ने 7.5 करोड़ का कारोबार करने में सफलता पाई।
फिल्म उद्योग के बॉक्स ऑफिस विश्लेषकों का कहना है कि द केरला स्टोरी के पहले दिन के जो आंकड़े सामने आए हैं उसके हिसाब से यह फिल्म वीकेंड के दो दिनों शनिवार और रविवार को बॉक्स ऑफिस पर 17-18 करोड़ का कारोबार करते हुए अपनी लागत निकालने में सफल हो जाएगी। कहा तो यह भी जा रहा है कि 600 सिनेमाघरों में प्रदर्शित हुई इस फिल्म की स्क्रीन्स में भी इजाफा किया जाएगा। केरल में यह फिल्म 25 सिनेमाघरों में प्रदर्शित हुई है, जहाँ पर दर्शकों की माँग को देखते हुए इसे शनिवार-रविवार को 35 सिनेमाघरों तक पहुँचने की उम्मीद है।
फिल्म की माउथ पब्लिसिटी शानदार है। इसी के बूते दर्शकों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। जयपुर के जेटीएम मॉल में स्थित आइनॉक्स सिनेमाघर के प्रबन्धक कुलविंदर सिंह ने बताया कि शनिवार सुबह 9 बजे के शोज में ऑक्यूपेसी 35 प्रतिशत थी, जो दोपहर 12 बजे वाले शो में 68 प्रतिशत तक पहुँच गई। यहाँ पर फिल्म के 5 शो चल रहे हैं। उन्होंने कहा कि उम्मीद है शाम 6 बजे और रात्रि 9 बजे वाले शो तक 100 प्रतिशत ऑक्यूपेसी आ जाएगी। फिल्म के प्रति दर्शकों का सकारात्मक दृष्टिकोण सामने आ रहा है। लोग इस फिल्म को द कश्मीर फाइल्स से जोड़ कर देख रहे हैं। इस हिसाब से शनिवार और रविवार को फिल्म काफी अच्छी कमाई कर सकती है। गौरतलब है कि कम बजट में बनी द कश्मीर फाइल्स ने 300 करोड़ से ज्यादा का कारोबार करने में सफलता प्राप्त की थी।
खास बात ये है कि इसने अक्षय कुमार और इमरान हाशमी स्टारर फिल्म सेल्फी और कार्तिक आर्यन-कृति सेनन स्टारर फिल्म शहजादा के ओपनिंग डे कलेक्शन को पीछे छोड़ दिया है। सेल्फी ने जहाँ 2.55 करोड़ की ओपनिंग ली थी, वहीं शहजादा ने 6 करोड़ रुपए का पहले दिन कारोबार किया था। यहाँ तक कि विवादों में घिरी रही और बॉक्स ऑफिस पर 300 करोड़ से ज्यादा कारोबार करने वाली द कश्मीर फाइल्स ने पहले दिन 3.5 करोड़ का कारोबार किया था।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement