Resolve power – an amazing power-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 22, 2026 1:14 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

संकल्प शक्ति - एक अद्भुत शक्ति

khaskhabar.com: मंगलवार, 14 नवम्बर 2023 11:16 AM (IST)
संकल्प शक्ति - एक अद्भुत
शक्ति
संकल्प क्रियाशक्ति में तन्मयता की प्रतिष्ठा का नाम है। "यह मेरा संकल्प है" इसका अर्थ है कि अब मैं इस कार्य में प्राण, मन और समय शक्ति के साथ संलग्न हो रहा हूँ। इस प्रकार की विचारणा दृढ़ता ही सफलता की जननी है। "संकल्प" तप का, क्रियाशक्ति का विधायक है, इसी से उसमें अनेक सिद्धियाँ और वरदान समाहित है।

जिन विचारों से मनोभूमि में स्थायी प्रभाव पड़ता है और जिनसे अंतकरण में अमिट छाप पड़ती है, वे पुनरावृत्ति के कारण स्वभाव के एक अंग बन जाते हैं। ऐसे विचारों का अपना एक विशेष महत्त्व होता है। इन विचारों को क्रमबद्ध रीति से सजाने की क्रिया जिन्हें ज्ञात होती है वे अपना भाग्य, दृष्टिकोण और वातावरण परिवर्तित कर सकते हैं और इस परिवर्तन के फलस्वरूप जीवन में कोई विशेष दृश्य या स्थिति उत्पन्न कर सकते हैं।

आवश्यकता को आविष्कार की जननी कहा जाता है। जब किसी बात को तीव्र इच्छा होती है तो उसे पूर्ण करने के लिए साधनों की तलाश आरंभ होती है, अतः कोई न कोई उपाय भी निकल ही आता है। वह इच्छा यदि प्रेरक है, उसे पूरा करने की भूख यदि भीतर से उठी है और उसके पीछे पर्याप्त प्राण और जीवन लगा हुआ है कि "मैं इस वस्तु को प्राप्त करके रहूँगा, चाहे कितनी ही बाधाएँ क्यों न आएँ, प्रयत्न निरंतर जारी रखूँगा, चाहे कितने ही निराश करने वाले अवसर क्यों न आएँ।" इस प्रकार के संकल्प की यदि मन में गहरी और सुदृढ़ स्थापना हो जाए तो लक्ष्य तक पहुँचना बहुत सरल हो जाता है। दूसरे के लिए कठिन जान पड़ने वाला कार्य भी इस संकल्पवान के लिए सामान्य क्रिया से अधिक नहीं रह जाता।

बराबर आगे बढ़ते रहने के लिए बराबर नई शक्ति प्राप्त करते रहना भी आवश्यक है। उन्नति का क्रम टूटना नहीं चाहिए आगे बढ़ने से रुकना या हिचकिचाना नहीं चाहिए, पर यह तभी संभव है जब हमारा संकल्प, हमारा उद्देश्य अटूट साहस एवं शक्ति से ओत-प्रोत हो। आधे मन से, उदासीन होकर काम करने वाला फूहड़ कहा जाता है। उसे कोई विशेष सफलता मिल ही नहीं पाती। संकल्प शक्ति की प्रचंड प्रतिक्रिया पृ०3 पं.श्रीराम शर्मा आचार्य

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement