khaskhabar.com: गुरुवार, 11 अगस्त 2016 08:04 AM (IST)
सेंट लूसिया। वेस्टइंडीज ने डारेन सैमी स्टेडियम में जारी तीसरे टेस्ट मैच
में भारत को 353 रनों पर आउट करने के बाद दूसरे दिन बुधवार का खेल खत्म
होने तक अपनी पहली पारी में एक विकेट के नुकसान पर 107 रन बना लिए हैं।
मेजबान टीम ने 47 ओवरों का सामना किया है। क्रेग ब्राथवेट 53 और डारेन ब्रावो
18 रनों पर नाबाद लौटे। वेस्टइंडीज ने लियोन जॉनसन का विकेट गंवाया है, जो
23 रन बनाने के बाद लोकेश राहुल द्वारा रन आउट किए गए।
जानसन ने 75
गेंदों पर दो चौके लगाए और ब्राथवेट के साथ पहले विकेट के लिए 59 रनों की
साझेदारी की। उनके आउट होने के बाद ब्राथवेट तथा ब्रावो 48 रन जोड़ चुके
हैं। ब्राथवेट ने 143 गेंदो का सामना कर छह चौके लगाए हैं जबकि ब्रावो ने
66 गेंदों पर दो बार गेंद को सीमा रेखा के बाहर पहुंचाया है। मेजबान पहली
पारी की तुलना में अभी भी 246 रन से पीछे हैं लेकिन अच्छी शुरुआत से उन्हें
निश्चित तौर पर बल मिला है।