विश्व कप: शाकिब की शतकीय पारी की बदौलत बांग्लादेश ने मैच जीता
khaskhabar.com: मंगलवार, 18 जून 2019 10:44 AM (IST)
टॉनटन। विश्व के नंबर-1 हरफनमौला खिलाड़ी शाकिब अल हसन ने एक बार फिर बताया है कि वह बड़े मैचों के खिलाड़ी हैं। इस बाएं हाथ के बल्लेबाज ने अपने बेहतरीन जुझारूपन से सोमवार को आईसीसी विश्व कप-2019 के मैच में विंडीज को सात विकेट से हार के लिए विवश कर दिया।
विंडीज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए शाई होप (96), इविन लुइस (70) और शिमरन हेटमायेर के तेज 50 रनों के दम पर बांग्लादेश के सामने 322 रनों का लक्ष्य रखा। विंडीज के गेंदबाजी फॉर्म में है और यही देखते हुए बांग्लादेश की जीत की संभावनाएं कम लग रही थीं, लेकिन बांग्लादेश ने सिर्फ 41.3 ओवरों में तीन विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया।
यह विश्व कप में किसी भी टीम द्वारा रनों का पीछा करते हुए हासिल की गई दूसरी सबसे बड़ी जीत है जबकि बांग्लादेश की लक्ष्य का पीछा करते हुए यह सबसे बड़ी जीत है और इस ऐतिहासिक जीत के प्रमुख कारण बने शाकिब।