khaskhabar.com: शुक्रवार, 20 जनवरी 2017 11:10 AM (IST)
कटक। बाराबती स्टेडियम में गुरुवार को हुए दूसरे एकदिवसीय मैच में इंग्लैंड को 15 रनों से हराकर अपनी कप्तानी में पहली ही सीरीज जीतने वाले नवनियुक्त कप्तान विराट कोहली ने जीत पर खुशी तो जताई, लेकिन सलामी बल्लेबाजी और गेंदबाजी में कमी की ओर भी इशारा किया। भारत ने इंग्लैंड के सामने जीत के लिए 382 रनों का विशाल लक्ष्य रखा था, लेकिन इंग्लैंड दमदार प्रदर्शन करते हुए लक्ष्य के काफी करीब तक पहुंच गया।
मैच के बाद कोहली ने कहा कि दो खिलाडिय़ों अश्विन और जडेजा ने इससे पहले टेस्ट श्रृंखला में दमदार प्रदर्शन किया था। आज भी उन्होंने आगे आकर मोर्चा संभाला और अगर सही समय पर वे हमें विकेट न दिलाते तो मुझे नहीं पता कि मैच का क्या हश्र होता। कोहली ने कहा कि मैं सिर्फ यही कहना चाहूंगा कि हमने अपनी क्षमता का 75 फीसदी ही दिया।